Saturday, June 13, 2026

ग्वालियर: वेंडर्स के साथ बेरहमी से मारपीट करना GRP के 6 जवानों को पड़ा भारी, एसपी ने किया सस्पेंड

Share

ग्वालियर: वेंडर्स के साथ बेरहमी से मारपीट करना GRP के 6 जवानों को पड़ा भारी, एसपी ने किया सस्पेंड

 

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन पर अवैध वसूली और वेंडर्स के साथ मारपीट के मामले में रेलवे पुलिस (GRP) ने सख्त कदम उठाया है। जीआरपी पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर ग्वालियर जीआरपी ब्रॉडगेज (BG) और नैरोगेज (NG) थाने में पदस्थ 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना शनिवार रात की है, जब ग्वालियर की आर.के. कंपनी के किचन में काम करने वाले दो वेंडर, अमित धाकरे और राघव सिंह, बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस में खाने के ऑर्डर की सप्लाई करने जा रहे थे। वेंडर्स का आरोप है कि उनके पास IRCTC द्वारा जारी वैध पहचान पत्र होने के बावजूद भी ड्यूटी पर तैनात जीआरपी जवानों ने उन्हें रोका और अवैध वसूली के लिए दबाव बनाया।

जब वेंडर्स ने विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। यह मारपीट इतनी गंभीर थी कि दोनों वेंडर्स को शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

जांच के बाद गिरी निलंबन की गाज

इस घटना की गूंज ग्वालियर से लेकर भोपाल मुख्यालय तक सुनाई दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों का एक दल तुरंत ग्वालियर पहुँचा और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में आरक्षकों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने और अनुशासनहीनता के चलते एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने निलंबन की कार्रवाई की।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों के नाम:

योगेश जाट (आरक्षक)

मनोज जाट (आरक्षक)

आशीष चौरसिया (आरक्षक)

विकास सोलंकी (आरक्षक)

नमन कुमार (आरक्षक)

निहाल सिंह (आरक्षक)

अधिकारियों का पक्ष

जीआरपी पुलिस अधीक्षक के अनुसार, विभाग में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली और आम नागरिकों या कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल सभी 6 जवानों को सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Read more

Local News