Saturday, June 13, 2026

डबरा में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत, पहचान के लिए जीआरपी की अपील

Share

डबरा में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत, पहचान के लिए जीआरपी की अपील

 

ग्वालियर के समीप डबरा से एक घटना सामने आई है, जहां एक अज्ञात युवक की ट्रेन से टकराकर दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा ठाकुर बाबा रोड के पास किलोमीटर नंबर 1182/3 पर अप मेन लाइन के किनारे घटित हुआ। पुलिस इस घटना में मृत युवक की शिनाख्त के लिए आम जनता से मदद की गुहार लगा रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को यह हादसा हुआ। युवक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन से टकराने के कारण युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया है, जिससे उसकी तत्काल पहचान करना मुश्किल हो रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय जीआरपी चौकी का दल मौके पर पहुंचा और आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू की।

मृतक का हुलिया और पहचान के प्रयास

जीआरपी डबरा चौकी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। उसका रंग गेहूंआ और शरीर दुबला-पतला है। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 3 इंच बताई जा रही है। मृतक ने लाल रंग की शर्ट और नीली जींस पहनी हुई है।

जीआरपी की लोगो से अपील 

प्रधान आरक्षक साहब सिंह गुर्जर, जो इस मामले की जांच कर रहे हैं, उन्होंने बताया कि मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने तमाम रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

प्रधान आरक्षक ने आम जनता से अपील की है कि, “यदि कोई व्यक्ति इस हुलिए से मेल खाते युवक को पहचानता है, या अपने किसी परिजन या परिचित के लापता होने की सूचना रखता है, जिसकी शारीरिक बनावट और पहनावा दी गई जानकारी से मेल खाता हो, तो कृपया तत्काल डबरा जीआरपी चौकी से संपर्क करें।” उन्होंने यह भी बताया कि सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।

Read more

Local News