ग्वालियर थाने के पास बदमाशों ने की छात्रा को अगवा करने की कोशिश; पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
ग्वालियर में कॉलेज जा रही फर्स्ट ईयर की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए ऑटो को भी बरामद कर जब्त कर लिया है। यह घटना महिला थाने से महज 50 कदम की दूरी पर हुई थी, जिसने महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
थाने के पास हुई थी वारदात
पड़ाव थाना क्षेत्र की निवासी 17 वर्षीय पीड़ित छात्रा ने एक दिन पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा के अनुसार, वह सुबह करीब 11 बजे कॉलेज जा रही थी, तभी पड़ाव स्थित महिला थाने और महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज के बीच एक ऑटो में सवार तीन युवकों ने उसका हाथ पकड़ा और पैर पकड़कर उसे जबरन ऑटो में बैठाने की कोशिश की।
छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचाया और बदमाशों से हाथ छुड़ाकर महिला थाने की तरफ दौड़ लगा दी। छात्रा का शोर सुनकर बदमाश अपना ऑटो मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। हालांकि, छात्रा ने यह भी आरोप लगाया था कि थाने पहुंचने पर उसे तत्काल कोई मदद नहीं मिली थी।
पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और जब्त किए गए ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पड़ाव थाना पुलिस ने ऑटो चालक सहित तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों का चौंकाने वाला बयान
हालांकि, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास के आरोपों से इनकार किया है। आरोपियों का कहना है कि छात्रा ने उन पर झूठा आरोप लगाया है। पुलिस अब घटना के संबंध में आरोपियों से गहन पूछताछ में जुटी हुई है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।

