ग्वालियर में पूर्व मंत्री के बंगले में चोरी: चांदी की मूर्तियां, सोफे और बर्तन ले उड़े चोर, जांच में जुटी पुलिस
ग्वालियर में पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद भदौरिया के सरकारी बंगले में चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चोरों ने बंगले से कई कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए सामानों में एल्युमिनियम के बड़े पतीले, दो बड़ी लोहे की कढ़ाइयां, 50 स्टील की थालियां, एक सोफा, कुर्सियां, दो चांदी की मूर्तियां और एक गैस सिलेंडर शामिल हैं।

यह घटना तब हुई जब बंगले की देखभाल करने वाले चौकीदार हंसराज शहर से बाहर थे। हंसराज 12 अगस्त को बंगले में ताला लगाकर चले गए थे और 24 अगस्त की शाम को जब वह लौटे, तो उन्हें चोरी का पता चला। बंगले में सामान बिखरा पड़ा था और कई चीजें गायब थीं।

हंसराज ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पड़ाव थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब चोरों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का मानना है कि इतना सारा सामान बिना किसी बड़े लोडिंग वाहन के नहीं ले जाया जा सकता, इसलिए वे उस इलाके में आए-गए सभी लोडिंग वाहनों की फुटेज की खास तौर पर जांच कर रहे हैं। साथ ही, आस-पास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
आपको बता दें कि पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया का यह बंगला (नंबर 35) रेस कोड रोड पर है और यह ज़्यादातर खाली ही रहता है। मंत्री जी कभी-कभी ही यहां आते हैं। हैरानी की बात यह है कि चोरी के बाद भी बंगले पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जिससे यह लगता है कि चोरों ने बड़ी चालाकी से इस वारदात को अंजाम दिया हैं।

