रुद्राक्ष वितरण के दौरान कुबेरेश्वर धाम में भगदड़: दो महिलाओं की मौत, कई लोग घायल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में मंगलवार को दोपहर 12 बजे रुद्राक्ष वितरण के दौरान भगदड़ मच गई। इस दुखद हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एडिशनल एसपी सुनीता रावत ने बताया कि रुद्राक्ष माला लेने के लिए महिलाओं की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान पीछे से धक्का लगने से कुछ महिलाएं नीचे गिर गईं, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। चीख-पुकार मचने पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और कार्रवाई की मांग
इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा पर कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि किसी भी आयोजन में हादसे की जिम्मेदारी आयोजकों की होती है। उन्होंने सरकार से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में हमेशा गरीब ही मारा जाता है, किसी नेता का बेटा नहीं। उन्होंने सरकार से ऐसे धार्मिक आयोजनों पर कड़ी नजर रखने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
सीहोर विधायक सुदेश राय ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव को घटना की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सावन के महीने और दूसरे राज्यों से आए कावड़ यात्रियों के कारण भीड़ सामान्य से अधिक थी, जिससे यह हादसा हुआ।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
कुबेरेश्वर धाम में भगदड़ की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 16 फरवरी 2023 को भी रुद्राक्ष वितरण के दौरान भगदड़ मची थी, जिसमें एक महिला और दूसरे दिन एक 13 साल के बच्चे की मौत हो गई थी। उस समय बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन को रुद्राक्ष महोत्सव रोकना पड़ा था।
कल कावड़ यात्रा पर और भीड़ आएगी
6 अगस्त यानी कि कल पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा कावड़ यात्रा निकाली जानी है, जिसमें लाखों भक्तों के शामिल होने की संभावना है। आज की घटना के बाद प्रशासन अलर्ट पर है और धाम में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

