कांवड़ यात्रा 2025: 11 जुलाई से शुरू होगा आस्था का महाकुंभ, तैयार हैं शिवभक्त और प्रशासन
सावन मास के आगमन के साथ ही देशभर में भगवान शिव के भक्तों का उत्साह चरम पर पहुंचने वाला है। इस साल कांवड़ यात्रा 11 जुलाई से शुरू होकर सावन शिवरात्रि 23 जुलाई तक सबसे अधिक रफ्तार पकड़ेगी। कई राज्यों में यह यात्रा पूरे सावन महीने, यानी कि 9 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।
आस्था और परंपरा का संगम
कांवड़ यात्रा हिंदू धर्म की सबसे पुरानी और पवित्र यात्राओं में से एक मानी जाती है। लाखों श्रद्धालु ‘बोल बम’, बम बम भोले के नारों के साथ पवित्र गंगाजल अपनी कांवड़ में भरकर मीलों पैदल चलकर शिवालयों में शिवलिंग का अभिषेक करते हैं।कांवड़िये यात्रा के दौरान कठोर नियमों का पालन करते हैं नंगे पैर चलते हैं, केवल शाकाहारी और सात्विक भोजन करते हैं, ब्रह्मचर्य का पालन करते हैं और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहते हैं।

पौराणिक मान्यता है कि समुद्र मंथन के समय निकले विष को भगवान शिव ने ग्रहण कर सृष्टि को बचाया था। विष के प्रभाव को शांत करने के लिए देवताओं ने शिव पर पवित्र जल चढ़ाया था तभी से शिव पर जल चढ़ाने की परंपरा शुरू हुई। मान्यता यह भी है कि सतयुग में श्रवण कुमार ने अपने माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर तीर्थ यात्रा कराई थी, जबकि त्रेता युग में भगवान राम ने भी कांवड़ उठाई थी। इसलिए कांवड़ यात्रा की महिमा और बढ़ गई।
यात्रा के प्रमुख मार्ग और शिविर
अधिकांश कांवड़ यात्री उत्तराखंड के हरिद्वार, गोमुख और गंगोत्री या उत्तर प्रदेश के गढ़मुक्तेश्वर से गंगाजल भरते हैं। वहां से वे दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के शिवालयों तक पैदल यात्रा करते हैं।

यात्रा मार्गों पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए जाते हैं, जहां भक्तों को भोजन, पानी, प्राथमिक चिकित्सा और विश्राम की सुविधा मिलती है। धार्मिक और सामाजिक संगठन इन शिविरों को सेवा भाव से संचालित करते हैं, जो भारतीय संस्कृति की एकता और सहयोग की मिसाल पेश करते हैं।
प्रशासन की तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था
लाखों भक्तों के इस महापर्व को देखते हुए प्रशासन ने हर मोर्चे पर पुख्ता इंतजाम किए हैं।

सुरक्षा: यात्रा मार्गों पर ड्रोन से निगरानी, सीसीटीवी कैमरे अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेंगे। महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की जाएगी। कुछ सड़क मार्ग केवल कांवड़ियों के लिए आरक्षित किए जा सकते हैं, ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो। त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे।
स्वास्थ्य सेवाएं: अस्थाई चिकित्सा केंद्रों और 24 घंटे सक्रिय एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें हर जरूरी स्थल पर मौजूद रहेंगी।
सुविधाएं और सफाई: जगह-जगह पीने का पानी, मोबाइल शौचालय, रोशनी और सफाई के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। शहरी विकास विभाग ने सुबह के समय विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, खासकर घाटों और यात्रा मार्गों पर। शिविरों को प्लास्टिक-मुक्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। ताकि इको-फ्रेंडली कप, प्लेट और गिलासों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
खाद्य और नशीले पदार्थों पर नियंत्रण: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा मार्गों पर मांस और शराब की दुकानों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। खाद्य स्टॉलों पर मूल्य सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है।

ध्वनि सीमा और अनुशासन: डीजे और लाउडस्पीकर के लिए ध्वनि सीमा तय की गई है। आपत्तिजनक गाने या भड़काऊ नारे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। आयोजकों को पारंपरिक मार्गों से ही जुलूस निकालने के निर्देश दिए गए हैं। नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं है।
असामाजिक तत्वों पर नजर: सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई हो सके। खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं और राज्य पुलिस आपस में तालमेल बनाए हुए हैं।
शिविर पंजीकरण: कांवड़ समितियों को अपने शिविरों का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। दिल्ली जैसे शहरों में नए शिविर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कांवड़ यात्रा: ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का प्रतीक कांवड़ यात्रा सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक एकता का अद्भुत उदाहरण भी है। लाखों लोग जाति-धर्म से ऊपर उठकर एक ही उद्देश्य के साथ जुड़ते हैं और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हैं।

