Saturday, June 13, 2026

किसानों की सेवा भगवान की पूजा, उत्पादन बढ़े-लागत घटे: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा

Share

किसानों की सेवा भगवान की पूजा, उत्पादन बढ़े-लागत घटे: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा

 

ग्वालियर में कृषि विश्वविद्यालय में मंगलवार को 64वीं अखिल भारतीय गेहूं और जौ अनुसंधान गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारत कृषि के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और रबी की फसल को बेहतर बनाने के लिए 14-15 सितंबर को दिल्ली में पहली बार ‘रबी कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया जाएगा।

इस दो-दिवसीय कॉन्फ्रेंस में देश भर के कृषि वैज्ञानिक शामिल होंगे। मंत्री ने बताया कि इसमें सभी राज्यों के कृषि मंत्री, अधिकारी, और विशेषज्ञ भाग लेंगे। उनका उद्देश्य फसलों के उत्पादन में वृद्धि कर एक बड़ी क्रांति लाना है।

किसानों की सेवा हमारा संकल्प

चौहान ने जोर देकर कहा, “किसानों की सेवा करना हमारे लिए भगवान की पूजा है।” उन्होंने आगे बताया कि सरकार का संकल्प है कि कृषि में उत्पादन बढ़े, लागत कम हो, और किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिले। इसके साथ ही, प्राकृतिक आपदा के समय भी किसानों को तुरंत मदद मिल सके।

गेहूं और जौ का महत्व

उन्होंने कहा कि गेहूं हमारी प्रमुख फसल है, जबकि जौ का भी अपना महत्व है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते तापमान के कारण गेहूं के उत्पादन में कमी आने की आशंका है। मंत्री ने कहा कि एक समय था जब हमें अमेरिका से लाल गेहूं आयात करना पड़ता था, लेकिन आज वैज्ञानिकों और किसानों की मेहनत से हमने इस क्षेत्र में नए रिकॉर्ड बनाए हैं।

10 साल में 44% उत्पादन बढ़ा

कार्यक्रम में बताया गया कि पिछले 10 सालों में फसलों का उत्पादन करीब 44% बढ़ा है। गेहूं के उत्पादन में भी हमने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। अब हमारा लक्ष्य ऐसी नई किस्में विकसित करना है जो जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना कर सकें। वैज्ञानिकों ने गेहूं की कई नई किस्में विकसित की हैं, जिनमें बायो फसलें भी शामिल हैं। ये फसलें पोषण के मामले में भी बेहतर हैं। गोष्ठी में इस बात पर भी चर्चा हुई कि कम तापमान और पानी में भी फसलों का उत्पादन कैसे बढ़ाया जाए।

Read more

Local News