प्रयागराज में साजिश का पर्दाफाश: नाबालिग दलित लड़कियों को धर्मांतरण कर आतंकी बनाने की साजिश, केरल तक पहुंचा नेटवर्क
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। यहां नाबालिग दलित लड़कियों को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराने और फिर उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनमें से एक महिला है।
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में प्रयागराज से एक नाबालिग दलित लड़की का अपहरण कर उसे केरल ले जाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लड़की के अपहरण के बाद उसे जबरन धर्मांतरण कराने की कोशिश की गई और उसे जेहादी मानसिकता से तैयार करने की योजना थी। इस साजिश में स्थानीय मुस्लिम युवकों की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी युवक ने पहले लड़की से दोस्ती की, फिर उसके साथ छेड़छाड़ की घटनाएं हुईं और बाद में उसे बहला-फुसलाकर केरल के त्रिशूल इलाके में पहुंचाया गया। लड़की के परिवार द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सर्विलांस की मदद से लड़की को केरल से बरामद किया। पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर केरल जंक्शन पर पहुंची थी, जहां सीडब्ल्यूसी की मदद से उसको वापस केरल से प्रयागराज के फूलपुर लाया गया। फिलहाल लड़की को पुलिस सुरक्षा में रखा गया है और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
प्रयागराज पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नाबालिग लड़की के बयान पर अब केरल में जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। दरअसल, आरोपी दरकशा बानो ने पीड़ित नाबालिग को केरल ले जाते वक्त उसका ब्रेन वॉश करने की कोशिश की थी। दरकशा ने पीड़िता से कहा था कि उसने और भी बहुत सी लड़कियों का धर्म परिवर्तन करवाया है। कई लड़कियां धर्म परिवर्तन करवा कर विदेश भी भेजी गई हैं।
बताया जा रहा है कि 28 जून को पीड़िता की मां गुड्डी देवी ने प्रयागराज के थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि गांव की रहने वाली दरकशा बानो नाम की महिला पैसों का लालच देकर लड़की को धर्म परिवर्तन के लिए केरल ले गई थी। दरकशा का साथ मोहम्मद कैफ नाम के युवक ने दिया। कैफ ही नाबालिग को दरकशा के साथ लेकर प्रयागराज जंक्शन छोड़ने गया था।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि इस मामले में आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस को शक है कि इस मामले के तार किसी संगठित गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, जो गरीब और कमजोर वर्ग की लड़कियों को निशाना बनाकर उन्हें कट्टरपंथी की ओर धकेल रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने लड़की को पहले प्यार के जाल में फंसाया, फिर धार्मिक कट्टरता से जुड़ी सामग्री और वीडियो दिखाए। इसके बाद लड़की को केरल ले जाकर वहां नेटवर्क के जरिए आगे की योजना बनाई गई थी। पुलिस अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों और फंडिंग के स्रोतों की भी जांच कर रही है।
इस खुलासे के बाद प्रयागराज समेत पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। डीसीपी गंगानगर ने लोगों से अपील की है कि वे बच्चों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क को बेनकाब कर दोषियों को कानून के हवाले किया जाएगा।

