ग्वालियर में गुंडों का आतंक: रामदास घाटी पर हवलदार और वैन चालक को बेरहमी से पीटा, तीन गिरफ्तार
ग्वालियर शहर के इंदरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदास घाटी पर शुक्रवार सुबह कुछ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। सड़क पर एक युवक-युवती के झगड़े में बीच-बचाव करने आए एक स्कूल वैन चालक और एक हवलदार पर गुंडों ने लाठी-सरियों से हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में तीन हमलावरों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
क्या था पूरा मामला?
घटना शुक्रवार सुबह की है जब रामदास घाटी पर चंदेल नाम का एक युवक एक युवती के साथ झगड़ा करते हुए मारपीट कर रहा था। इसी दौरान, बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे वैन चालक अभिषेक शर्मा ने झगड़ा देखकर उन्हें रोकने की कोशिश की। अभिषेक ने युवक से पूछा कि वह युवती को क्यों पीट रहा है, जिस पर युवक भड़क गया। उसने अभिषेक को “क्या खसम लगता है” कहकर वैन की चाबी निकाल ली और मारपीट शुरू कर दी। चंदेल के साथ सचिन शर्मा और अन्य चार-पांच साथी भी आ गए और उन्होंने वैन चालक को पीटना शुरू कर दिया।
हवलदार को भी नहीं बख्शा
इसी बीच, तिघरा पीटीएस में पदस्थ हवलदार अरविंद राम राजावत अपनी बच्ची को स्कूल छोड़कर उसी रास्ते से निकल रहे थे। उन्होंने वैन चालक को बचाने की कोशिश की। हालांकि, वह यूनिफॉर्म में नहीं थे, इसके बावजूद हमलावरों ने वैन चालक को छोड़कर हवलदार पर हमला कर दिया। लाठियों और सरियों से किए गए हमले में हवलदार अरविंद राम राजावत का सिर और कान फट गया। उनके हाथ और पैरों में भी गंभीर चोटें आई हैं। वैन चालक अभिषेक शर्मा के सिर और शरीर पर भी कई चोटें आई हैं।
हमलावर फरार, वीडियो वायरल
हमला करने के बाद बदमाश हवलदार और वैन चालक को लहूलुहान हालत में छोड़कर सरिया और डंडे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। इस दौरान, एक हमलावर का सरिया लेकर धमकाते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ है। हमले के दौरान झगड़ा कर रही युवती भी वहां से भाग गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि रामदास घाटी पर स्कूल वैन चालक और हवलदार पर कुछ युवकों ने हमला कर घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही तत्काल गश्त पर निकले टीआई मिर्ज़ा आसिफ बैग को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में तीन हमलावरों को चिन्हित कर दो को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एएसपी सुमन गुर्जर ने भी पुष्टि की है कि वैन चालक और हवलदार से मारपीट करने वाले सभी हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

