झांसी: बहू ने रचाया खौफनाक मर्डर प्लान पति, देवर के बाद सास की भी करवा दी हत्या

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बहू पूजा ने अपने प्रेमी और बहन के साथ मिलकर साजिशों की ऐसी खौफनाक पटकथा लिखी कि पूरा परिवार ही खत्म कर डाला।
पूजा ने पहले अपने पति को गोली मरवाकर मौत के घाट उतारा, फिर पति की मौत के बाद अपने देवर कल्याण के साथ झांसी में लिव-इन रिलेशन में रहने लगी। कुछ वक्त बाद देवर की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद पूजा अपने जेठ के साथ गांव लौट गई लेकिन उसका खूनी खेल यहीं नहीं रुका।
24 जून को पूजा ने अपनी बहन कमला उर्फ कामनी और प्रेमी अनिल वर्मा के साथ मिलकर सास सुशीला देवी (54) की हत्या कर दी और करीब 8 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गई। यह वारदात टहरौली थाना क्षेत्र के कुम्हरिया गांव में हुई थी।
पुलिस ने पूजा और कमला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि फरार प्रेमी अनिल को पुलिस ने मुठभेड़ में धर दबोचा। मुठभेड़ में गोली लगने से वह घायल हुआ और अब अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
एसपी ग्रामीण जितेंद्र कुमार के मुताबिक, अनिल को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। घेराबंदी के दौरान अनिल ने फायरिंग कर दी, जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं और उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस पूजा और उसके साथियों की आपराधिक साजिशों की पूरी परतें उधेड़ने में जुटी है। यह मामला बताता है कि लालच, हवस और साजिश किस तरह रिश्तों को खून में रंग सकते हैं।

