Saturday, June 13, 2026

हॉर्न बजाने पर पड़ोसियों में हिंसक झड़प, पथराव और फायरिंग करने पर तीन गिरफ्तार

Share

हॉर्न बजाने पर पड़ोसियों में हिंसक झड़प, पथराव और फायरिंग करने पर तीन गिरफ्तार

ग्वालियर के चंद्रबदनी इलाके में बाइक का हॉर्न बजाने जैसी छोटी सी बात पर पड़ोसियों के बीच बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जो देखते ही देखते पथराव और हवाई फायरिंग में बदल गया।  झांसी रोड थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए FIR दर्ज कर तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है, पूरा मामला 

यह घटना 20 जुलाई की रात करीब साढ़े 8 बजे की है। 28 वर्षीय विवेक शाक्य अपनी बाइक से पुरानी कलारी तिराहा से गुजर रहे थे। सड़क पर ट्रैफिक जाम होने के कारण उन्होंने हॉर्न बजाया। उसी समय वहीं पास में मोहल्ले का रहने वाला सौरभ परिहार मौजूद था। विवेक के हॉर्न बजाने से सौरभ नाराज़ हो गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई। विवाद के दौरान सौरभ ने विवेक को “बाद में देख लेने” की धमकी दी और वहां से चला गया।

मामला यहीं शांत नहीं हुआ, रात करीब साढ़े 10 बजे सौरभ अपने दो दोस्तों, अभिषेक जाटव और शिवम के साथ विवेक के घर पहुंचा। तीनों ने मिलकर विवेक के साथ फिर से गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। जब विवेक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके घर पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस हमले में विवेक के सिर में चोट लग गई, वहीं उसका चचेरा भाई भी पत्थर लगने से घायल हो गया।

पुलिस की कारवाई 

विवाद के दौरान जब मोहल्ले के लोग इकट्ठा होने लगे और मामला गर्माता देख, आरोपी सौरभ ने अपने कट्टे से हवा में फायर किए और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही झांसी रोड पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। फरियादी विवेक की शिकायत पर पुलिस ने सौरभ और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध कट्टा भी बरामद कर लिया है। इस घटना में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Read more

Local News