Saturday, June 13, 2026

ग्वालियर-बेंगलुरु सीधी ट्रेन सेवा शुरू — केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिखाई हरी झंडी

Share

ग्वालियर-बेंगलुरु सीधी ट्रेन सेवा शुरू — केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिखाई हरी झंडी

भारतीय रेलवे ने ग्वालियर और बेंगलुरु के बीच एक नई सीधी ट्रेन सेवा की शुरुआत की है। इस सेवा का उद्देश्य मध्यप्रदेश और दक्षिण भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना है, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में अधिक सुविधा और आराम मिल सके। विशेष रूप से यह सेवा आईटी सेक्टर में काम करने वाले युवाओं, छात्रों और व्यापार से जुड़े यात्रियों के लिए बहुत फायदेमंद मानी जा रही है।

गाड़ी संख्या 11085/86 ग्वालियर–एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस को शुक्रवार ग्वालियर रेलवे स्टेशन से केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन 26 जून को शाम चार बजे ग्वालियर स्टेशन से प्रस्थान कर मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए शिवपुरी (5:32 बजे), गुना (7:45 बजे), अशोक नगर (8:45 बजे), बीना (10:15 बजे), विदिशा (11:17 बजे) और भोपाल स्टेशन (रात्रि 12:15 बजे) पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग के प्रमुख स्टेशनों से होते हुए 28 जून (शनिवार) को सुबह 08:35 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु स्टेशन पहुंचेगी। इस गाड़ी की नियमित सेवा 29 जून बेंगलुरु से और 4 जुलाई से ग्वालियर से शुरू होगी, जिससे यात्रियों को अब हर सप्ताह यह सुविधा मिल सकेगी।

इस एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 22 डिब्बे (कोच) है, जिनमें 7 स्लीपर क्लास कोच – सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए किफायती और आरामदायक। 4 सामान्य (जनरल) कोच – अनारक्षित यात्रा के लिए। 4 AC 3 टीयर कोच, 3 AC 3 टीयर इकोनॉमी कोच – आधुनिक सुविधाओं के साथ कम कीमत में एसी यात्रा। 2 AC 2 टीयर कोच – अधिक आरामदायक और प्राइवेसी युक्त एसी डिब्बे। 2 SLR (सिक एंड लगेज रूम) कोच। इस प्रकार, ट्रेन सभी श्रेणी के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

इस नई ट्रेन सेवा से ग्वालियर से बेंगलुरु जाने वालों को अब बार-बार दिल्ली, नागपुर या अन्य शहरों में ट्रांजिट नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। इसके साथ ही छात्रों, आईटी प्रोफेशनल्स, नौकरीपेशा और व्यवसायियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा। रेलवे की ओर से ग्वालियर को एक प्रमुख जंक्शन के रूप में विकसित करने की दिशा में यह अहम कदम उठाया गया है।

उद्घाटन पर सिंधिया ने कहा:

ट्रेन के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि, “यह सेवा मध्यभारत और दक्षिण भारत को जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। अब ग्वालियर के नागरिकों को बेंगलुरु जाने के लिए अधिक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। इससे रोजगार, शिक्षा और विकास के नए रास्ते खुलेंगे।” यह नई ट्रेन सेवा न केवल ग्वालियर और बेंगलुरु के बीच यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि भारतीय रेलवे की “संपर्क और समर्पण” नीति को भी मजबूती देगी।

इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

ग्वालियर जंक्शन से चलकर शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, बीना जंक्शन, विदिशा, भोपाल जंक्शन, जुजहरपुर केबिन होते हुए बैतूल पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन नागपुर, सेवाग्राम, चंद्रपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागज़नगर, बेल्लमपल्ली, काजीपेट जंक्शन, मौलाली जी केबिन, काचीगुड़ा, महबूबनगर, गडवाल जंक्शन, कुरनूल सिटी, ढोन जंक्शन, अनंतपुर, धर्मावरम जंक्शन, हिंदूपुर और येलहंका जंक्शन से होकर एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।

Read more

Local News