ग्वालियर: पति के दोस्त ने घर में घुसकर किया महिला से दुष्कर्म; शोर मचाने पर बेटे और देवर ने रंगे हाथ पकड़ा
ग्वालियर शहर के मोतीझील इलाके में एक 30 वर्षीय महिला के साथ उसके ही पति के दोस्त ने घर में घुसकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। महिला के पति की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला को लात-घूसों से पीटा और फिर इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया। हालांकि, महिला के चीखने पर उसके बेटे और देवर ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
30 वर्षीय पीड़ित महिला मुरैना की रहने वाली है यहां पति, दो बेटों और देवर के साथ मोतीझील क्षेत्र में रहती है। सुनील कुशवाहा, जो पीड़िता के पति का पुराना दोस्त था और अक्सर उनके घर आता-जाता रहता था।तीन-चार दिन पहले महिला का पति किसी काम से गांव गया हुआ था।
शनिवार रात करीब 9 बजे सुनील महिला के घर आया। खाना खाने के बाद उसने रात को वहीं रुकने की बात कही। पुराने परिचय और भरोसे के चलते महिला ने उसे इजाजत दे दी।
रविवार की सुबह करीब 5 बजे, जब महिला के दोनों बेटे सैर पर निकले थे, तब आरोपी सुनील उसके कमरे में घुस आया और जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को लात-घूसों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने महिला को और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने को कहा।
बेटे और देवर ने पकड़ा रंगे हाथ
मारपीट के दौरान महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर घर में मौजूद देवर और बेटा तुरंत कमरे में पहुंचे। उन्होंने आरोपी सुनील कुशवाहा को दुष्कर्म करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। परिवार के सदस्यों ने उसकी जमकर पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुरानी छावनी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील कुशवाहा के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।

