Saturday, June 13, 2026

डॉ. गोविंद सिंह का CM मोहन यादव को पत्र: भिंड पुलिस पर गंभीर आरोप, विधायक के साले को VIP ट्रीटमेंट देने का दावा; जान से मारने की धमकी भी मिली

Share

डॉ. गोविंद सिंह का CM मोहन यादव को पत्र: भिंड पुलिस पर गंभीर आरोप, विधायक के साले को VIP ट्रीटमेंट देने का दावा; जान से मारने की धमकी भी मिली

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखकर भिंड जिले की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डॉ. सिंह का कहना है कि भिंड पुलिस गरीब और शोषित पीड़ितों की सुरक्षा व सेवा के अपने दायित्व को भूलकर अपराधियों और खनिज माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है।

भाजपा विधायक के साले को VIP सुविधा का आरोप

डॉ. गोविंद सिंह ने ग्वालियर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भिंड जिले की लहार विधानसभा से भाजपा विधायक अंबरीश शर्मा उर्फ गुड्डू के साले सुधांशु द्विवेदी के मामले को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्थिक गड़बड़ी के एक मामले में मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद सुधांशु द्विवेदी को एक फर्जी मामले में लहार कोर्ट लाकर पेश किया गया है। इसके बाद, आगे की सुनवाई के लिए उन्हें लहार जेल में रखा गया है, जहाँ उन्हें पूरी सुख-सुविधाएँ दी जा रही हैं। डॉ. सिंह का दावा है कि विधायक के साले को VIP सुविधाएँ देने के लिए यह पूरी “झूठी कहानी” गढ़ी गई है, जिसमें एक महिला से झूठी शिकायत कराई गई और इसी बहाने रिमांड पर उन्हें यहाँ लाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि सुधांशु द्विवेदी की कंपनियों में भाजपा विधायक और उनके परिवार की भागीदारी है।

SP-कलेक्टर पर भी लगाए गंभीर आरोप

गोविंद सिंह ने भिंड जिले के SP और कलेक्टर पर भी प्रदेश सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि डॉ. मोहन यादव न्यायप्रिय नगरी के निवासी हैं और उन्हें प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता को न्याय प्रदान करने का सुअवसर मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता को भी वैसा ही न्याय मिलेगा, जैसा सम्राट विक्रमादित्य के समय मिलता था।

डॉ गोविंद सिंह को एक दिन पहले मिली थी जान से मारने की धमकी

इस बीच, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह को एक दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को सुबह 9 बजकर 10 मिनिट पर उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले शख्स ने धमकी देते हुए कहा, “गोविंद सिंह तू जल्दी मरने वाला है, तेरा घर भी तोड़ दिया जाएगा।”

इस धमकी भरे कॉल के बाद डॉ. गोविंद सिंह ने डीजीपी से लिखित में शिकायत की है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि को इस तरह धमकी देना लोकतंत्र की गरिमा के खिलाफ है और प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कॉलर की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। डॉ. सिंह ने बताया कि उन्हें उत्तर प्रदेश के एक नंबर से कॉल आया था और फोन पर शैलेंद्र चौहान नाम व उत्तरप्रदेश लिखा आ रहा था।

Read more

Local News