Saturday, June 13, 2026

डबरा में जलभराव से त्रस्त कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, विधायक सुरेश राजे ने सड़कों पर रोपी धान; भाजपा सरकार और नगर पालिका पर साधा निशाना

Share

डबरा में जलभराव से त्रस्त कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, विधायक सुरेश राजे ने सड़कों पर रोपी धान; भाजपा सरकार और नगर पालिका पर साधा निशाना

 

ग्वालियर के डबरा में मानसून की पहली जोरदार बारिश ने ही नगर पालिका प्रशासन की पोल खोल दी है। लगातार जलभराव से परेशान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज विधायक सुरेश राजे के नेतृत्व में अनोखे ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। विधायक और कांग्रेसियों ने न केवल सड़कों पर भरे पानी में बैठकर भाजपा सरकार और स्थानीय नगर पालिका प्रशासन को घेरा, बल्कि विरोध के प्रतीक के रूप में जलमग्न सड़कों पर धान भी रोपी।

बस स्टैंड पर हुआ प्रदर्शन:

यह प्रदर्शन डबरा के बस स्टैंड पर किया गया था, जो शहर के उन प्रमुख स्थानों में से एक है जहां हर साल भारी बारिश के कारण भीषण जलभराव हो जाता है। विधायक सुरेश राजे खुद घुटनों तक भरे पानी में बैठ गए और उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए, और उन्होंने भरे पानी में धान रोप दी।

 

विधायक ने भाजपा सरकार और प्रशासन को घेरा:

प्रदर्शन के दौरान विधायक सुरेश राजे ने भाजपा सरकार और डबरा नगर पालिका प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश से पहले निकासी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, जिसका खामियाजा अब शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। विधायक ने कहा, “यह सिर्फ बस स्टैंड की समस्या नहीं है, नन्दू के डेरा, रेलवे ब्रिज के नीचे चीनौर रोड और अन्य कई इलाकों में भी यही हाल है। हर साल यही समस्या होती है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस उपाय नहीं करता हैं।

अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना:

लगभग तीन घंटे तक चले इस अनोखे प्रदर्शन के बाद, डबरा प्रशासन हरकत में आया। लगभग तीन घंटे बाद अनुविभागीय अधिकारी (SDM) दिव्यांशु चौधरी और नगर पालिका सीएमओ (CMO) साक्षी वाजपेई मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विधायक सुरेश राजे से बातचीत की और उन्हें डबरा शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, उचित जल निकासी व्यवस्था बनाने और व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद, विधायक सुरेश राजे ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की।

Read more

Local News