Saturday, June 13, 2026

महाकाल मंदिर में विवाद: BJP विधायक के बेटे पर गर्भगृह में जबरन घुसने और अभद्रता का आरोप, लाइव प्रसारण रुका

Share

महाकाल मंदिर में विवाद: BJP विधायक के बेटे पर गर्भगृह में जबरन घुसने और अभद्रता का आरोप, लाइव प्रसारण रुका

 

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि इंदौर-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने सावन के दूसरे सोमवार को भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में जबरन प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के एक कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार भी किया।

बताया जा रहा है कि रविवार रात को विधायक गोलू शुक्ला अपने बेटे रुद्राक्ष के साथ कांवड़ यात्रा लेकर उज्जैन पहुंचे थे। सोमवार सुबह भस्म आरती के महत्वपूर्ण समय पर रुद्राक्ष ने गर्भगृह में जाने की कोशिश की। जब मंदिर कर्मचारी आशीष दुबे ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो रुद्राक्ष ने उन्हें धमकाया और बलपूर्वक गर्भगृह में प्रवेश कर गए।

लाइव प्रसारण रुकने से गहराया शक

इस घटना के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। महाकाल मंदिर की भस्म आरती का यूट्यूब पर चल रहा लाइव प्रसारण अचानक बंद हो गया। लगभग एक मिनट तक स्क्रीन पर केवल काली पट्टी दिखाई दी, जिससे इस घटना को लेकर शक और गहरा गया है। कई लोगों का मानना है कि यह लाइव प्रसारण जानबूझकर रोका गया, ताकि गर्भगृह के अंदर की घटना रिकॉर्ड न हो सके।

विधायक ने आरोपों से किया इनकार

हालांकि, विधायक गोलू शुक्ला ने अपने बेटे पर लगे इन सभी आरोपों से पूरी तरह इनकार किया है। उन्होंने कहा कि दर्शन पूरी तरह से नियमों के अनुसार किए गए और किसी भी तरह का अनुशासन नहीं तोड़ा गया।

रुद्राक्ष शुक्ला का पुराना विवाद और प्रशासन की चुप्पी

यह पहली बार नहीं है जब रुद्राक्ष शुक्ला पर महाकाल मंदिर में जबरन प्रवेश करने का आरोप लगा है। करीब चार साल पहले भी वे गर्भगृह में जबरन घुसने को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। इस बार फिर वही आरोप सामने आने पर मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की चुप्पी भी सवालों के घेरे में आ गई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से मंदिर की गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Read more

Local News