अब सफर की टेंशन खत्म! रेलवे ने चार्ट बनाने के नियम में किया बड़ा बदलाव, 8 घंटे पहले होगा टिकट कन्फर्मेशन
भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत देने वाला फैसला किया है। अब ट्रेन के खुलने से पूरे 8 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट तैयार कर दिया जाएगा। पहले यह चार्ट ट्रेन के चलने से सिर्फ 4 घंटे पहले बनता था। इस बदलाव से यात्रियों को अपने टिकट की स्थिति जानने में आसानी होगी और वेटिंग लिस्ट वालों को भी आगे की योजना बनाने का ज्यादा वक्त मिल पाएगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि रेलवे की टिकट बुकिंग व्यवस्था को और ज्यादा स्मार्ट, पारदर्शी और सभी के लिए सुविधाजनक बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि अब यात्री आसानी से देख सकेंगे कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं, जिससे अनिश्चितता की परेशानी कम होगी।
रेलवे का मानना है कि चार्ट जल्दी तैयार होने से खासकर लंबी दूरी के यात्रियों को फायदा होगा, जिन्हें आखिरी समय में टिकट कन्फर्म ना होने पर अन्य विकल्पों पर भी विचार करना पड़ता था। अब उनके पास नई योजना बनाने के लिए पूरा समय होगा।रेलवे ने कहा कि यह बदलाव यात्री सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा रेलवे ने लोगों से सुझाव भी मांगे हैं ताकि आने वाले समय में बुकिंग से लेकर यात्रा तक के अनुभव को और बेहतर बनाया जा सके। अब रेल यात्रा पहले से ज्यादा आसान और परेशानी मुक्त होगी।

