Saturday, June 13, 2026

ग्वालियर में कांस्टेबल के भाई की हत्या: चारो आरोपी गिरफ्तार, प्रॉपर्टी विवाद में मारी थी गोली

Share

ग्वालियर में कांस्टेबल के भाई की हत्या: चारो आरोपी गिरफ्तार, प्रॉपर्टी विवाद में मारी थी गोली

 

ग्वालियर में गुरुवार देर रात कांस्टेबल के भाई (ठेकेदार) रामस्वरूप तोमर की गोली मारकर हत्या करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से मुख्य आरोपी गौरव तोमर को शुक्रवार तड़के पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद घायल अवस्था में पकड़ा था। जबकि उसके तीनों साथी अंकित, हिमेश शर्मा और अजय धाकड़ को भी देर रात में घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कट्टा और पिस्टल भी बरामद की है।

क्या था पूरा मामला?

गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे बहोड़ापुर के लक्ष्मीपुरम किशन बाग में रामस्वरूप तोमर (जो पुलिस लाइन में तैनात हवलदार राजवीर तोमर के भाई थे) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी अंकित, गौरव, हिमेश शर्मा और अजय धाकड़ ने रामस्वरूप को एक गली में बात करने के लिए बुलाया था। बताया जा रहा है कि एक प्लॉट को लेकर उनके बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने फायरिंग कर दी और रामस्वरूप की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपियों ने बताई वारदात की पूरी कहानी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रामस्वरूप को यह समझाने गए थे कि जिस प्रॉपर्टी पर उनकी नजर है, उसकी तरफ वह देखें भी नहीं। हालांकि, रामस्वरूप अकड़ कर बात कर रहा था और उन्हें धमका रहा था। इस पर गौरव तोमर आपा खो बैठा और उसने सीधे रामस्वरूप के पैर में गोली मार दी। दूसरी गोली अंकित ने मारी, जो रामस्वरूप की आंख में लगी।

शंकरपुर के जंगल में हुआ एनकाउंटर

हत्या की वारदात के बाद से ही पुलिस की चार टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। शुक्रवार सुबह 5 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी गौरव तोमर गुप्तेश्वर और शंकरपुर पहाड़ी के बीच जंगल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमों ने तीन अलग-अलग रास्तों से उसकी घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही गौरव ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। एक गोली गौरव के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।

बेटे को बिगाड़ने का भी था आरोप, प्रॉपर्टी विवाद बना वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी रामस्वरूप के बेटे निखिल के दोस्त हैं। रामस्वरूप अक्सर आरोपी अंकित पर अपने बेटे निखिल को बिगाड़ने का आरोप लगाते थे। निखिल ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मीपुरम में अजय धाकड़ के घर के सामने एक प्लॉट है, जिस पर आधा मकान बना हुआ है। बैंक ने इस प्लॉट की नीलामी 25 दिन पहले की थी, जिसे रामस्वरूप ने खरीद लिया था। इसी प्लॉट को लेकर गौरव, अंकित, अजय और हिमेश रामस्वरूप से रंजिश रखे हुए थे।

पुलिस का बयान

सीएसपी कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि अब चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

Read more

Local News