हजीरा थाने में युवक ने खुद को जलाने का प्रयास किया, हालत गंभीर
ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक अत्यंत गंभीर और संवेदनशील घटना सामने आई, जब एक 30 वर्षीय आकाश तिवारी नामक युवक ने थाने के भीतर ही खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल आकाश को 70 से 80 फीसदी तक जला हुआ बताया जा रहा है। जहां उसे तुरंत उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
युवक की पहचान आकाश तिवारी (30) के रूप में हुई है, जो हजीरा क्षेत्र के बिरला नगर लाइन नंबर 1 का निवासी है, और पेशे से टमटम चालक है। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। घटना के पीछे की मुख्य वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। आकाश के घर में उसके जीजा शिव शंकर पाठक और बहन भारती पाठक पिछले करीब 9 साल से कब्जा करके रह रहे हैं। इसी मकान को लेकर आकाश और उसके बहन-जीजा के बीच कई बार विवाद हो चुका है। इसी विवाद के संबंध में हजीरा थाने में पहले से ही एक FIR दर्ज थी।
आकाश का आरोप
करीब सात महीने पहले भी इस मकान विवाद को लेकर मारपीट और छेड़छाड़ हुई थी। उस दौरान आकाश तिवारी ने अपनी पत्नी आरती के साथ हजीरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, उस समय आकाश के जीजा शिव शंकर पाठक ने भी खुद को चोट पहुंचाकर आकाश के खिलाफ ही एक मामला दर्ज करवा दिया था।
आकाश का आरोप है कि FIR दर्ज होने के बाद, हजीरा थाना पुलिस उसे लगातार जांच के लिए थाने बुला रही थी। और दर्ज मुकदमे में जमानत कराने की बात कह रही थी। इस पुलिस के दबाव से परेशान होकर ही आकाश ने बुधवार को थाने पहुंचकर खुदपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की।
पुलिस अधिकारियों ने दर्ज किए बयान, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद पुलिस अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसे आकाश के बयान दर्ज किए। वहीं, आकाश की पत्नी आरती ने भी अपनी बहन (भारती पाठक) और जीजा (शिव शंकर पाठक) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
फिलहाल, पुलिस ने थाने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

