डबरा: तहसील परिसर में सजे जुए के फड़ पर IPS की सर्जिकल स्ट्राइक, SDM कार्यालय का बाबू समेत 7 पर FIR
डबरा में रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर चल रहा था जुआ; ट्रेनी IPS मनोज कुमार ने टीम के साथ दी दबिश
डबरा। कानून के गलियारे कहे जाने वाले तहसील परिसर में ही जुए का अवैध धंधा फल-फूल रहा था। ग्वालियर के डबरा में ट्रेनी IPS अफसर ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील परिसर में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। इस रेड में एसडीएम कार्यालय के एक बाबू सहित कुल 7 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
छुट्टी के दिन सजती थी महफिल
जानकारी के अनुसार, डबरा देहात थाने में पदस्थ ट्रेनी IPS मनोज कुमार को लगातार सूचना मिल रही थी कि तहसील परिसर में हर रविवार को, जब कार्यालय बंद रहते हैं, जुआरियों का जमावड़ा लगता है। मुखबिर की सटीक सूचना पर IPS मनोज कुमार ने डबरा शहर और देहात पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की और अचानक परिसर में दबिश दी।
सरकारी बाबू समेत 6 गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस की छापेमारी से मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर 6 जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में मनोज शर्मा नामक व्यक्ति शामिल है, जो एसडीएम कार्यालय में बाबू के पद पर पदस्थ बताया जा रहा है। वहीं, एक अन्य आरोपी नरेंद्र शास्त्री मौका पाकर भागने में सफल रहा।
पकड़े गए आरोपियों के नाम:
मनोज शर्मा (बाबू, SDM कार्यालय)
लाखन सिंह बघेल
भीकम कुशवाह
पहाड़ सिंह बघेल
मनीष पाल
सत्यपाल सिंधी
नरेंद्र शास्त्री (फरार)
नकद राशि और वाहन जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान फड़ से 46 हजार रुपये नगद, ताश की गड्डी और 3 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस ने सभी 7 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, बाद में आरोपियों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
अधिकारियों का बयान
ग्वालियर एएसपी जयराज कुबेर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “हमें सूचना मिली थी कि तहसील कार्यालय में जुआ खेला जा रहा है। डबरा शहर और देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर 6 लोगों को पकड़ा है। कुल 46 हजार रुपये जब्त हुए हैं। सरकारी कर्मचारी की संलिप्तता की जानकारी सामने आई है, जिसकी गंभीरता से जांच की जा रही है।”

