कमरे में जिंदा जल गई 90 साल की बुजुर्ग महिला; हीटर से आग लगने की आशंका, बेटे ने कमरे में उठती देखी आग की लपटे
ग्वालियर हजीरा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में शुक्रवार देर रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। ठंड से बचने के लिए कमरे में हीटर जलाकर सो रही 90 साल की बेनी बाई की आग लगने से दर्दनाक मौत हो गई। उनका शव पूरी तरह से जला हुआ, कंकालनुमा मिला। पुलिस को आशंका है कि यह हादसा हीटर के कारण हुआ है।
क्या है पूरी घटना?
घटना शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे इंदिरा नगर में हुई। मृतिका के छोटे बेटे डालचंद ने बताया कि रात में उन्होंने कमरे से आग की लपटें उठते और धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर परिजनों और पड़ोसियों को बुलाया। परिजनों और पड़ोसियों ने मिलकर दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन गेट अंदर से बंद था और आग के कारण बेहद गर्म हो चुका था। जिसके बाद बेटे ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने पर दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन तब तक बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी थी।
शव उठाने के लिए कोई आगे नहीं आया
इस दुखद घटना के दौरान एक और अजीबोगरीब स्थिति सामने आई। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां मौजूद भीड़ में से कोई भी व्यक्ति शव को उठाने में मदद के लिए आगे नहीं आया। अंततः, रात की पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस टीम और मृतिका के बेटे डालचंद ने मिलकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
परिवार में थे दो बेटे
मृतिका बेनी बाई अपने छोटे बेटे डालचंद, बहू कस्तूरी और नाती कबीर के साथ रहती थीं। उनका एक बड़ा बेटा संन्यासी हो चुका है।
हीटर से आग लगने की आशंका
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतिका बेनी बाई के बिस्तर के पास हीटर का तार और प्लग पूरी तरह से जल चुके थे।
हजीरा थाना के SI हरेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि, “90 वर्षीय महिला आग में जल गई हैं। प्रथम दृष्टया आग हीटर के कारण लगी प्रतीत होती है, क्योंकि बिस्तर के पास हीटर का तार जला मिला है और महिला की रजाई भी बुरी तरह से जली है। जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही हादसे की सही वजह पता चलेगी।”

