Saturday, June 13, 2026

ग्वालियर में शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव, महिला यात्री बाल-बाल बची…बिरला नगर-रायरू के बीच हुई घटना, जांच में जुटी आरपीएफ-जीआरपी 

Share

ग्वालियर में शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव, महिला यात्री बाल-बाल बची…बिरला नगर-रायरू के बीच हुई घटना, जांच में जुटी आरपीएफ-जीआरपी 

ग्वालियर से नई दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर रविवार रात को अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। यह घटना ग्वालियर स्टेशन पार करने के कुछ ही समय बाद बिरला नगर और रायरू स्टेशन के बीच हुई। पथराव में ट्रेन के एसी कोच सी-5 की साइड विंडो का कांच टूट गया। कोच में गोविंदपुर, ग्वालियर निवासी रेलशिया श्रीवास्तव विंडो सीट पर यात्रा कर रही थीं। जैसे ही ट्रेन बिरला नगर स्टेशन पार कर रही थी, अचानक एक पत्थर आकर खिड़की से टकराया और तेज आवाज के साथ कांच चटक गया। इस अप्रत्याशित घटना से महिला यात्री घबरा गईं। घटना की सूचना तत्काल टीसी को दी गई, जिसने कंट्रोल रूम को सूचित किया गया। जानकारी मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने बिरला नगर से रायरू के बीच इलाके की तलाशी ली, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद सी-5 कोच के अन्य यात्री भी मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे ट्रेन में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और कोच में सफर कर रहे यात्रियों के बयान लिए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि इसी महीने 12 जून को भी सोनागिर रेलवे स्टेशन और एजी ऑफिस पुल के पास भी पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एजी पुल के पास एक मानसिक रोगी द्वारा पत्थर फेंकने की पुष्टि हुई थी। रेल प्रशासन ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने के संकेत दिए हैं।

Read more

Local News