Saturday, June 13, 2026

बागपत के टेकरी में दो मुंह और तीन आंख वाले बछड़े का जन्म, लोग मान रहे चमत्कार

Share

बागपत के टेकरी में दो मुंह और तीन आंख वाले बछड़े का जन्म, लोग मान रहे चमत्कार

 

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के टेकरी गांव में एक गाय ने बहुत ही अनोखे बछड़े को जन्म दिया है। जिसने पूरे क्षेत्र को आस्था और जिज्ञासा के रंग में रंग दिया है। यहां किसान जाहिद के घर एक ऐसे विचित्र बछड़े का जन्म हुआ है। जिसके दो मुंह और तीन आंखें हैं। जो इसे बाकी बछड़ों से बिल्कुल अलग बनाते हैं। जैसे ही लोगों को इसके बारे में पता चला, गांव में और आस-पास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इसे देखने के लिए आने लगे। इस बछड़े की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

बहुत से ग्रामीण इस बछड़े को चमत्कार मान रहे हैं। कुछ लोग इसे भगवान का रूप समझकर उसकी पूजा कर रहे हैं और फूल-माला चढ़ा रहे है, तो वहीं कुछ लोग पैसे भी चढ़ा रहे हैं। कुछ लोग तो बछड़े को भगवान शिव का अवतार भी मान रहे हैं। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि यह कोई चमत्कार नहीं, बल्कि एक दुर्लभ बीमारी या जन्म के समय हुआ कोई जैविक बदलाव हो सकता है, जिसे विज्ञान में “जेनेटिक म्यूटेशन” कहते हैं। यह घटना अब गांव में चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। दूर-दराज के लोग भी बछड़े को देखने टेकरी पहुंच रहे हैं। गांव के लोगों के लिए यह एक अद्भुत अनुभव बन गया है।

Read more

Local News