Saturday, June 13, 2026

पत्नी ने हनीमून पर रचाई पति की हत्या की साजिश, गाजीपुर से गिरफ्तार

Share

पत्नी ने हनीमून पर रचाई पति की हत्या की साजिश, गाजीपुर से गिरफ्तार

मेघालय में हनीमून मनाने गए इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की रहस्यमयी मौत अब एक सोची-समझी हत्या साबित हुई हैं। मेघालय पुलिस ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि राजा की हत्या उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने तीन भाड़े के हत्यारों की मदद से करवाई थी। सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। दोनों 20 मई को मेघालय घूमने पहुंचे और 23 मई को नोंग्रियात से मावलाखियात लौटते समय लापता हो गए। उनका स्कूटर रास्ते में लावारिस हालत में मिला। 2 जून को राजा का शव वेईसाउडॉन्ग वॉटरफॉल्स के पास एक 1200 फीट गहरी खाई में मिला। पोस्टमार्टम में यह स्पष्ट हुआ कि राजा की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई थी। जांच के दौरान एक स्थानीय गाइड की गवाही और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता चला कि सोनम ने पहले से तय योजना के तहत तीन भाड़े के हत्यारों को बुलवाया था। पुलिस ने सोनम सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी उत्तर प्रदेश से और दो मध्य प्रदेश के निवासी हैं। मेघालय पुलिस प्रमुख एल. नोंग्रांग ने कहा, यह हत्या पूरी तरह से पूर्व नियोजित थी। हम सभी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं और सबूत इकट्ठा कर रहे हैं। एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद राजा रघुवंशी के परिजनों और समाज में आक्रोश फैल गया है। परिवार ने इस मामले की CBI जांच की मांग की है। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Read more

Local News