Saturday, June 13, 2026

दतिया में नाबालिग से गैंगरेप, 5 आरोपियों ने वीडियो बनाकर दी वायरल करने की धमकी

Share

दतिया में नाबालिग से गैंगरेप, 5 आरोपियों ने वीडियो बनाकर दी वायरल करने की धमकी

 

दतिया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा ने रात में पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि पांच युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

छात्रा के बयान के अनुसार, वह शुक्रवार की सुबह कपड़े खरीदने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में उसे अपनी मौसी की ननद का लड़का और उसका एक दोस्त मिला। दोनों उसे स्कूटी पर बैठाकर उड़नू की टोरिया इलाके के सुनसान जंगल में ले गए।

जंगल में पहले से मौजूद थे तीन युवक

छात्रा ने बताया कि जब वे जंगल पहुंचे, तो वहां पहले से ही करण, हरगोविंद पाल और पंकज मौजूद थे। इन तीनों ने मिलकर पहले उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद, उसे साथ लाने वाले मौसी की ननद के लड़के और उसके दोस्त ने भी धमकी देकर उसके साथ गलत काम किया।

वीडियो बनाया और दी धमकी

पीड़िता ने बताया कि इस दौरान एक आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया। सभी आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया या शिकायत की, तो वे वीडियो को वायरल कर देंगे।

घटना के बाद, डरी-सहमी छात्रा अपने माता-पिता और मौसी के साथ सिविल लाइन थाने पहुंची और पुलिस को पूरी आपबीती बताई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छात्रा की शिकायत पर गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है।

दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बताया कि मामले में एक आरोपी हरगोविंद पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

Read more

Local News