Saturday, June 13, 2026

ग्वालियर में ब्लैकमेलिंग का पर्दाफाश: इंजीनियरिंग छात्रा ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपनी सहेली को बनाया शिकार

Share

ग्वालियर में ब्लैकमेलिंग का पर्दाफाश: इंजीनियरिंग छात्रा ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपनी सहेली को बनाया शिकार

 

ग्वालियर पुलिस ने एक ऐसे ब्लैकमेलिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है जो होटल के कमरों में स्पाई कैमरे लगाकर कपल्स की निजी रिकॉर्डिंग करता था। इस गैंग की मास्टरमाइंड इंजीनियरिंग की छात्रा राधा चौबे है, जिसने अपने बॉयफ्रेंड भूपेंद्र धाकड़ और दोस्त ब्रजेश धाकड़ के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसे हुआ गिरोह का पर्दाफाश

यह मामला तब सामने आया जब चिनोर निवासी पुष्पेंद्र प्रजापति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुष्पेंद्र ने बताया कि 26 जुलाई को वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल विराट इन में रुके थे। यह कमरा उनकी गर्लफ्रेंड की सहेली राधा चौबे ने ही बुक कराया था। पुष्पेंद्र के जाने के कुछ दिनों बाद, उन्हें व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला जिसमें बताया गया कि उनके निजी पल कैमरे में रिकॉर्ड हो गए हैं और वीडियो को वायरल होने से रोकने के लिए एक लाख रुपए की मांग की गई।

ब्लैकमेलिंग और पैसों का ट्रांसफर

पुष्पेंद्र ने पहले आरोपियों से समय मांगा, जिसके बाद उन्हें तीन दिन की मोहलत दी गई। 23 अगस्त को फिर से धमकी मिली कि अगर 30 मिनट में पैसे नहीं दिए, तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। इस दबाव में आकर पुष्पेंद्र ने पहले 5 हजार और फिर 45 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उनसे 50 हजार रुपए और मांगे गए, जिससे परेशान होकर उन्होंने अपने भाई को पूरी बात बताई और थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि राधा ने ही अपनी सहेली और उसके बॉयफ्रेंड के लिए कमरा बुक किया था और बल्ब के होल्डर में एक स्पाई कैमरा लगा दिया था। पुलिस ने राधा और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के मोबाइल और पेन ड्राइव से कई अन्य कपल्स के वीडियो भी बरामद किए गए हैं, जिससे पता चलता है कि यह गैंग बड़े पैमाने पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

Read more

Local News