केदारनाथ में बड़ा हादसा: हेलीकॉप्टर क्रैश में 7 श्रद्धालुओं की मौत, दो दिन के लिए सेवाएं बंद
उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में एक दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे एक निजी हेलीकॉप्टर खराब मौसम की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 6 श्रद्धालु और एक पायलट सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हेलीकॉप्टर केदारनाथ से गुप्तकाशी जा रहा था, लेकिन गौरीकुंड के पास एक पहाड़ी क्षेत्र में यह हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण पायलट हेलीकॉप्टर को नियंत्रित नहीं कर सका। जिससे यह पहाड़ से टकरा गया और जलकर राख हो गया। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, SDRF, NDRF और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया लेकिन सभी लोग पहले ही दम तोड़ चुके थे। प्रशासन के अनुसार मृतकों में एक परिवार महाराष्ट्र से था, जिसमें एक बच्चा भी शामिल था। पायलट की पहचान राजवीर सिंह चौहान के रूप में हुई है, जो एक पूर्व लेफ्टिनेंट कर्नल थे और हाल ही में जुड़वां बच्चों के पिता बने थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पूरी घटना पर गहरा दुख जताया है और दो दिनों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। साथ ही, हेलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन के लिए नई सुरक्षा SOP (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
*दो महीने में यह पांचवीं घटना*
30 अप्रैल को चार धाम यात्रा शुरू होने के बाद से उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर संचालन से जुड़ी पांच घटना सामने आई हैं।
1. 8 मई उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर क्रैश, जिसमें 6 लोग मरे थे।
2. 17 मई एआईएमएस-ऋषिकेश एयर एम्बुलेंस की उड़ान पर “टेल स्ट्राइक” के साथ आपात लैंडिंग कराई गई, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ था।
3. 24 मई केदारनाथ के पास तकनीकी गड़बड़ी के कारण Kestrel हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी, जिसमें सभी सुरक्षित थे।
4. 7 जून एक प्राइवेट AW119 हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग रोड पर कराई गई, जिसमें कोई जान नहीं गई थी।
5. 15 जून केदारनाथ से गुप्तकाशी जाते समय हेलीकॉप्टर क्रैश, जिसमें 7 लोग मारे गए है।
इस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने शुरू कर दी है। साथ ही, एक विशेष विशेषज्ञ समिति बनाई जा रही है जो हेलीकॉप्टर सेवाओं की समीक्षा करेगी।

