अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्वालियर किले में जिला स्तरीय कार्यक्रम, मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने किया योगाभ्यास
ग्वालियर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शुक्रवार सुबह ऐतिहासिक किले पर स्थित राजा मानसिंह महल के परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह समेत अनेक विद्यार्थियों, योग साधकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साह पूर्वक योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
ऐतिहासिक ग्वालियर के लिए पर आज 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भव्यता के साथ मनाया गया। इस भव्य आयोजन में जिले भर से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, योग साधकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिले में लगभग तीन हजार स्थानों पर योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेशों का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे जिला स्तरीय कार्यक्रम सहित अन्य सभी स्थानों पर दिखाया गया। मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि, योग केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि एक जीवन शैली है जो तन, मन और आत्मा को संतुलन प्रदान करती है। यह कार्यक्रम 11 सालों से लगातार हो रहा है, और आज 175 से अधिक देशों ने इस योग दिवस को अपनाकर भारत के साथ एकजुटता दिखाई है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में बढ़ रहा है, और योग इसमें बड़ी भूमिका निभा रहा है।
ग्वालियर जिले के नगरीय निकायों, पंचायत मुख्यालयों और ग्रामीण अंचलों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन पूरे उत्साह और समर्पण के साथ किया गया। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने इसे प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारत की प्राचीन संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया और योग को स्वस्थ समाज और विकसित भारत की ओर बढ़ने का माध्यम बताया।

