Saturday, June 13, 2026

ग्वालियर में 45 लाख की चोरी की कहानी झूठी निकली, चोरों के बयान से डाक बाबू ने स्वीकारी सच्चाई! 

Share

ग्वालियर में 45 लाख की चोरी की कहानी झूठी निकली, चोरों के बयान से डाक बाबू ने स्वीकारी सच्चाई! 

 

शहर के पॉश इलाके में डाक विभाग के एक बाबू के घर हुई कथित 45 लाख रुपये की चोरी का मामला आखिरकार फर्जी निकला है। पुलिस ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया, जिनके बयान के बाद पूरी सच्चाई सामने आ गई। पुलिस बसंत भारद्वाज के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में आगे की करवाई की तैयारी कर रही है।

घटना दर्पण कॉलोनी निवासी बाबू बसंत भारद्वाज के घर की है। 20 अक्टूबर की रात बसंत अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने गांव गए थे, जबकि उनकी पत्नी मायके में थी। घर सूना देखकर चोरों ने ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। 2 दिन बाद बसंत ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, कि उनके और उनके भाई के घर से करीब 45 लख रुपए के गहने और नगदी चोरी हो गए है।

डाक बाबू ने शुरुआती पुलिस शिकायत में दावा किया था कि उनके घर से 38 तोला सोना, डेढ़ सौ ग्राम चांदी और 55 हजार रुपये नकद समेत कुल तकरीबन 45 लाख रुपये की चोरी हुई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। चोरों ने पूरी तिजोरी ही उखाड़ ली थी, ऐसी जानकारी बाबू ने दी थी।

चोरों ने किया बड़ा खुलासा: ‘हमने सिर्फ 30 हजार नकद और 2 लाख के गहने चुराए’

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कुछ ही दिनों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाश रघु उर्फ राघवेंद्र आदिवासी और छोटू उर्फ सोनू साहू को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस ने चोरों से बरामद माल के बारे में पूछताछ की, तो उन्होंने जो बताया, वह डाक बाबू के दावे से बिल्कुल अलग था।

चोरों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सिर्फ 30 हजार रुपये नकद और 2 लाख रुपये के गहने ही चुराए थे। उन्होंने ने बसंत भारद्वाज के अलावा मंजू गौर के घर में भी चोरी की घटना को स्वीकारा है।

बसंत बाबू ने कबूली अपनी गलती

चोरों के बयानों के आधार पर जब पुलिस ने डाक बाबू से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने आखिरकार सच्चाई स्वीकार कर ली। डाक बाबू ने माना कि उन्होंने चोरी किए माल की कीमत जानबूझकर 45 लाख रुपये बताई थी, जबकि वास्तविकता में चोरी की गई संपत्ति का मूल्य बहुत कम था। उनकी पत्नी गहने लेकर मायके चली गई थी और उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। गलतफहमी में उन्होंने पुलिस को गलत जानकारी दे दी।

पुलिस अब कर सकती है बाबू पर कार्रवाई

थाटीपुर थाना के टीआई विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाबू की शिकायत में दी गई जानकारी और वास्तविक चोरी में बड़ा अंतर पाया गया है। पुलिस अब डाक बाबू के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने और पुलिस का समय बर्बाद करने के आरोप में उचित कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।

Read more

Local News