ग्वालियर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश! सराफा कारोबारी ने शोर मचाकर भगाए लुटेरे
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पटरी रोड पर 29 अक्टूबर को दिनदहाड़े एक सराफा कारोबारी की दुकान पर लूट की बड़ी कोशिश की गई। दो अज्ञात लुटेरे ग्राहक बनकर आए और गनपॉइंट पर ज्वेलर्स को धमकाया, लेकिन कारोबारी की हिम्मत के सामने वे सफल नहीं हो पाए और खाली हाथ भागने पर मजबूर हो गए।
क्या हुई घटना?
कुंज विहार कॉलोनी निवासी देवेन्द्र शर्मा की पटरी रोड पर श्रीराम ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। दोपहर के समय, बारिश के कारण बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ था, तभी एक कार दुकान के पास आकर रुकी। कार से उतरे दोनों लुटेरे, जिनकी उम्र 28 से 30 साल के बीच बताई जा रही है, उन्होंने चेहरे पर साफी बांध रखी थी। दुकान के अंदर घुसते ही एक बदमाश ने तुरंत पिस्टल तान दी और धमकी दी कि दुकान में रखा सारा गहना और पैसा निकाल दे, वरना गोली मार देंगे। जान का खतरा देखकर भी देवेन्द्र शर्मा ने घबराने की बजाय हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। दुकानदार को चिल्लाता देखकर दोनों लुटेरे डर गए। पब्लिक जमा होने लगी तो बदमाश उन्हें गोली मारने की धमकी देते हुए, जिस रास्ते से आए थे, उसी रास्ते से भाग निकले।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद, फरियादी देवेन्द्र शर्मा ने पुलिस थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। गोला का मंदिर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। हालांकि, अब तक पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सबूत नहीं लगा है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा किया है।

