ग्वालियर: कार का लॉक ठीक करा रहे थे ज्वैलर, तभी शर्ट पर डाली ‘गंदगी’, मौका पाकर नाबालिग चोर ने पार किया जेवरों से भरा बैग
ग्वालियर में त्योहारों की दस्तक के साथ ही चोरों का एक नया गिरोह एक्टिव हो गया है। यह गैंग नए-नए तरीके अपनाकर वारदातों को अंजाम दे रही है, जिसमें कार के शीशे तोड़ना और लोगों पर गंदगी फेंककर ध्यान भटकाना शामिल है। ऐसी ही एक सनसनीखेज घटना शनिवार रात इंदरगंज थाना क्षेत्र के शिंदे की छावनी पेट्रोल पंप के सामने हुई, जहां एक सराफा व्यापारी को झांसा देकर जेवरों से भरा बैग चोरी कर लिया गया।
चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग चोर की तलाश शुरू कर दी है।
गंदगी फेंककर दिया वारदात को अंजाम
थाटीपुर के सुरेश नगर निवासी सराफा व्यापारी शशांक कौशल, जिनकी थाटीपुर पर “वंदना ज्वैलर्स” के नाम से दुकान है, शनिवार को सराफा बाजार से सोने की अंगूठी और ब्रेसलेट सुधरवाकर वापस लौट रहे थे। जब वे शिंदे की छावनी पेट्रोल पंप के सामने कार का लॉक ठीक करा रहे थे, तभी एक नाबालिग लड़का उनके पास आया और बताया कि उनकी शर्ट पर गंदगी लगी हुई है।
नाबालिग की बात सुनकर शशांक ने जेवरों से भरा बैग ड्राइवर के बगल वाली सीट पर रखा और अपनी शर्ट उतारकर साफ करने लगे। इस बीच, मौका पाते ही नाबालिग चोर सीट पर रखा बैग लेकर फरार हो गया।

शर्ट साफ कर लौटे तो बैग गायब
जब शशांक शर्ट साफ करके लौटे तो कार की सीट से बैग गायब था। बैग चोरी होने का पता चलते ही उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था। व्यापारी ने तुरंत इंदरगंज थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने व्यापारी शशांक कौशल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति सिंह तोमर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एक कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें नाबालिग लड़का बैग उठाते हुए साफ दिख रहा है।
पुलिस अब इस फुटेज के आधार पर नाबालिग आरोपी और उसके गिरोह की पहचान कर तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

