Saturday, June 13, 2026

ग्वालियर में मकान ढहने से बेघर हुआ परिवार, मलबे में दबा गृहस्थी का सामान; प्रशासन से मदद की गुहार

Share

ग्वालियर में मकान ढहने से बेघर हुआ परिवार, मलबे में दबा गृहस्थी का सामान; प्रशासन से मदद की गुहार

 

ग्वालियर। शहर के गुड़ा इलाके में डांग वाले बाबा पहाड़ी पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण देर रात एक कच्चा मकान ढह गया, जिसमें मकान मालिक राकेश कुशवाहा घायल हो गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटे बाल-बाल बच गए।

देर रात हुआ हादसा

​पेंटर का काम करने वाले राकेश कुशवाहा अपने परिवार के साथ इस कच्चे मकान में रहते थे। बताया गया है कि यह घटना देर रात करीब 1 बजे हुई। पड़ोस के परिहार परिवार का आधा मकान उनके कच्चे मकान पर आ गिरा, जिसके कारण राकेश कुशवाहा का मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। गृहस्थी का सारा सामान मलबे के नीचे दबकर नष्ट हो गया।

​राहत की बात यह रही कि जहां राकेश कुशवाहा के सिर में गंभीर चोटें आईं, वहीं उनकी पत्नी और दोनों बेटों की जान सुरक्षित बच गई।

पड़ोसी पर लापरवाही का आरोप

​हादसे के बाद राकेश कुशवाहा ने पड़ोसी परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पड़ोस के परिहार परिवार की ओर से पानी की निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई थी। पिछले 48 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सारा पानी नीचे बैठ गया, जिसकी वजह से पहले पड़ोसी का आधा मकान और फिर उनका कच्चा मकान ढह गया। हादसे के बाद बेघर हुए राकेश कुशवाहा के परिवार ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और रहने – खाने की व्यवस्था करने की गुहार लगाई है।

Read more

Local News