ग्वालियर: माता के जागरण में पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, मौत; मास्टरमाइंड रोशन बाथम गिरफ्तार
ग्वालियर। नवरात्रि के दौरान धार्मिक आयोजन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर के लधेड़ी माता मंदिर के पास, माता रानी का जागरण सुन रहे एक युवक मोनू बाथम को पुरानी रंजिश के चलते चार बदमाशों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुरानी रंजिश बनी हत्या का कारण
जानकारी के अनुसार, मृतक मोनू बाथम, उसके भाई और भाभी का कुछ दिन पहले इलाके के गुंडे रोशन बाथम नाम के युवक से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद से रोशन बाथम मोनू और उसके परिवार से रंजिश पाले हुए था।
बताया जा रहा है कि रोशन बाथम ने मोनू को माता रानी के जगराते में देखा और अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। मोनू को पीछे से गोली लगी और वह मौके पर ही ढेर हो गया।
पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
मृतक मोनू के भाई सोनू बाथम ने बताया कि उन्होंने और उनके परिवार ने कई बार बदमाश रोशन बाथम की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया। सोनू ने यह भी बताया कि रोशन बाथम पिछले कई दिनों से कट्टा लिए घूम रहा था और उसने सोशल मीडिया पर भी देसी कट्टे के साथ कई फोटो-वीडियो अपलोड किए थे, बावजूद इसके पुलिस ने उसे खुला छोड़ रखा था।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की इसी लापरवाही का फायदा उठाकर रोशन बाथम ने मोनू की हत्या का प्लान बनाया और उसे गोली मार दी। उनका कहना है कि रोशन ने यह घटना इलाके में रंगदारी दिखाने और अपना रौब जमाने के लिए की है।
मास्टरमाइंड गिरफ्तार, बाकी फरार; दस हजार रुपये का इनाम घोषित
पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने इस जघन्य हत्याकांड के मास्टरमाइंड रोशन बाथम को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसके तीन साथी अभी भी फरार हैं। पुलिस अधीक्षक ने फरार बदमाशों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

