Saturday, June 13, 2026

ग्वालियर: रिसोर्ट कैशियर पर लूट के इरादे से हमला, गोली मारकर किया घायल; CCTV फुटेज में दिखे बदमाश

Share

ग्वालियर: रिसोर्ट कैशियर पर लूट के इरादे से हमला, गोली मारकर किया घायल; CCTV फुटेज में दिखे बदमाश

 

ग्वालियर। मुरैना जिले से अपने घर लौट रहे एक रिसोर्ट कैशियर पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने लूट के इरादे से हमला कर दिया। इस हमले में कैशियर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं, जिसमें तीन बदमाश बाइक पर भागते हुए दिखाई दिए हैं। फरियादी की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के दुल्लपुर निवासी जितेंद्र जाटव मुरैना जिले के बामौर स्थित एक रिसोर्ट में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। रोज की तरह वह देर रात बामौर से अपनी मोटरसाइकिल से ग्वालियर लौट रहे थे। रास्ते में तीन मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। जब कैशियर जितेंद्र ने अपनी गाड़ी नहीं रोकी, तो एक बदमाश ने उनकी कॉलर पकड़ ली, जिससे उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और वह वृंदावन गार्डन के पास सड़क के किनारे कच्चे में जा गिरे।

गाड़ी गिरने के बाद तीनों बदमाशों ने जितेंद्र के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। जब जितेंद्र ने इसका विरोध किया, तो एक बदमाश ने उन पर अवैध देसी कट्टे से गोली चला दी, जिससे जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों ने बचाई जान

विवाद और गोली चलने की आवाज सुनकर एक राहगीर ने आवाज दी, जिसके बाद बदमाश मौके से अटल बिहारी मार्ग की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में जितेंद्र जाटव को अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने शुरू की जांच

फिलहाल पुलिस ने घायल जितेंद्र जाटव के बयान दर्ज कर लिए हैं। घटनास्थल से आगे लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश नजर आए हैं। पुलिस ने इन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर उनकी तेजी से तलाश कर रही है।

Read more

Local News