बिरयानी ठेले की टक्कर के बाद बवाल: छात्रा से गाली-गलौच, भाईयों से मारपीट; क्रॉस FIR दर्ज
ग्वालियर के घासमंडी इलाके में बिरयानी का ठेला लगाने वाले और एक छात्रा के भाइयों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विवाद की शुरुआत तब हुई जब बिरयानी ठेले वाले ने एक छात्रा की स्कूटी में टक्कर मार दी।
यह घटना एक दिन पहले की बताई जा रही है। जगनापुरा निवासी छात्रा सिमरन खान अपनी कोचिंग से लौट रही थी और अपने दोस्त को घर छोड़ने जा रही थी। घासमंडी के पास बिरयानी का ठेला लगाने वाले बिल्लू खान ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। जब सिमरन ने इसका विरोध किया, तो बिल्लू खान ने उसके साथ गाली-गलौच की।
घर पहुंचकर सिमरन ने अपने भाइयों को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसके भाई बिल्लू खान से बात करने गए। उन्हें आता देखकर बिल्लू खान ने भी अपने भाइयों को बुला लिया। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते यह तनाव खूनी झड़प में बदल गया। दोनों तरफ के लोगों ने एक-दूसरे के साथ जमकर मारपीट की।
मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है। मारपीट के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले पर सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि बिरयानी के ठेले ने छात्रा की गाड़ी में टक्कर मार दी थी और विरोध करने पर ठेले वाले ने गाली-गलौच की। दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है, और पुलिस जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

