Saturday, June 13, 2026

इंदौर से लापता छात्रा 12 दिन बाद यूपी में मिली: भोपाल जीआरपी ने नेपाल बॉर्डर के पास से किया बरामद, आरक्षक ने बुक किया था टिकट 

Share

इंदौर से लापता छात्रा 12 दिन बाद यूपी में मिली: भोपाल जीआरपी ने नेपाल बॉर्डर के पास से किया बरामद, आरक्षक ने बुक किया था टिकट

 

इंदौर से कटनी जा रही नर्मदा एक्सप्रेस से 12 दिन पहले लापता हुई छात्रा अर्चना तिवारी (29) को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से बरामद कर लिया गया है। पुलिस उसे नेपाल बॉर्डर के पास से लेकर रवाना हो गई है। यह जानकारी भोपाल जीआरपी एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने दी।

अर्चना 7 अगस्त को इंदौर से कटनी के लिए नर्मदा एक्सप्रेस (AC कोच B3) में सवार हुई थी। जब ट्रेन कटनी पहुंची, तो उसकी सीट पर बैग मिला, लेकिन वह गायब थी। इसके बाद से ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मिड घाट के जंगल समेत कई जगहों पर उसकी तलाश कर रही थीं।

आरक्षक राम तोमर से जुड़ा कनेक्शन

इस मामले में ग्वालियर के भंवरपुरा थाने में तैनात आरक्षक राम तोमर का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, अर्चना और राम तोमर पिछले 2 साल से संपर्क में थे। पूछताछ में यह भी पता चला कि राम तोमर ने ही अपनी आईडी का उपयोग करके अर्चना के लिए इंदौर से कटनी का टिकट बुक किया था। हालांकि, राम तोमर का कहना है कि उसने टिकट तो बुक किया था, लेकिन अर्चना ट्रेन में नहीं आई थी।

कटनी और जबलपुर जीआरपी को यह भी जानकारी मिली कि दोनों के बीच मोबाइल पर लंबी बातचीत होती थी। ग्वालियर पुलिस के साथ जीआरपी ने राम तोमर के कमरे पर भी छापा मारा, जहां उन्हें कई लड़कियों का सामान और आपत्तिजनक सामग्री मिली। ग्वालियर के घाटीगांव एसडीओपी शेखर दुबे ने भी इस बात की पुष्टि की है कि युवती का संबंध ग्वालियर के आरक्षक से है।

मां को किया था कॉल

पुलिस के लिए राहत की बात यह रही कि मंगलवार को अर्चना ने अपनी मां को फोन करके बताया कि वह ठीक है। इस कॉल के बाद पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई थी, जिसके बाद उसे लखीमपुर खीरी से बरामद करने में सफलता मिली। छात्रा के परिवार के करीबी, युवा कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा ने भी मां से बातचीत की पुष्टि की थी।

फिलहाल, पुलिस की टीम अर्चना को लेकर आ रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। इस मामले में आरक्षक राम तोमर से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।

Read more

Local News