Saturday, June 13, 2026

ऑनलाइन डॉग खरीदने के लालच में महिला ने गंवाई जान: 1.67 लाख की ठगी का शिकार होने के बाद की आत्महत्या, दो महीने बाद FIR 

Share

ऑनलाइन डॉग खरीदने के लालच में महिला ने गंवाई जान: 1.67 लाख की ठगी का शिकार होने के बाद की आत्महत्या, दो महीने बाद FIR 

 

ग्वालियर में ऑनलाइन पालतू जानवर खरीदने का शौक एक परिवार के लिए इतना दुखद साबित होगा, किसी ने सोचा भी नहीं होगा। ग्वालियर के पुरानी छावनी इलाके में एक महिला को ऑनलाइन डॉग खरीदने की कोशिश में 1.67 लाख रुपये का चूना लगा, जिसके बाद वह गहरे डिप्रेशन में चली गई और आखिरकार अपनी जान ही दे दी। यह घटना 7 जून से 11 जून, 2025 के बीच की है। पुलिस ने अब जाकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऑनलाइन जालसाजी का शिकार हुए मां-बेटे

पुरानी छावनी के भट्टा पहाड़िया निवासी रीना प्रजापति और उनके बेटे मोनू प्रजापति ने एक डॉग पालने का मन बनाया। उन्होंने इंटरनेट पर पेट टू हाउस नाम की एक कंपनी देखी, जो ऑनलाइन डॉग बेचती है। रीना ने कंपनी से संपर्क किया और एक डॉग मंगवाने का फैसला किया। कंपनी की तरफ से उन्हें 2,000 रुपये का ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए कहा गया, जिसे रीना ने तुरंत कर दिया।

इसके बाद, ठगों ने अलग-अलग नंबरों से कॉल करना शुरू कर दिया और कहा कि डॉग पाने के लिए और पैसे भेजने होंगे। एक अच्छे डॉग के लालच में, मां-बेटे ने 7 जून से 11 जून के बीच कई बार पैसे ट्रांसफर किए। उन्होंने कुल मिलाकर लगभग 1,66,628 रुपये अलग-अलग पांच मोबाइल नंबरों 7576094295, 9053471674, 9817422292, 8930365383, 9813302845 और एक क्यूआर कोड पर भेज दिए। लेकिन, उन्हें न तो डॉग मिला और न ही उनके पैसे वापस मिले।

ठगी के बाद डिप्रेशन और आत्महत्या

जब रीना को ठगी का एहसास हुआ, तो वह बुरी तरह से परेशान हो गईं और डिप्रेशन में चली गईं। 10 जून की रात, उन्होंने तनाव में आकर जहर खा लिया। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन 11 जून को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम किया था।

दो महीने बाद दर्ज कराई एफआईआर

अपनी पत्नी को खोने और लाखों रुपये की ठगी का शिकार होने के बाद रीना के पति राजेंद्र प्रजापति गहरे सदमे में थे। इस कारण वह तुरंत पुलिस के पास शिकायत दर्ज नहीं करा पाए। लगभग दो महीने बाद, 17 अगस्त को उन्होंने पुरानी छावनी थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और ठगों को पकड़ने के लिए पड़ताल जारी है।

Read more

Local News