Saturday, June 13, 2026

ट्रांसपोर्ट नगर की सड़के बदहाल: ‘नरक नगर’ का बोर्ड चोरी होने पर ट्रांसपोर्टरों का हंगामा, 20 अगस्त से हड़ताल की चेतावनी

Share

ट्रांसपोर्ट नगर की सड़के बदहाल: ‘नरक नगर’ का बोर्ड चोरी होने पर ट्रांसपोर्टरों का हंगामा, 20 अगस्त से हड़ताल की चेतावनी

 

ग्वालियर के ट्रांसपोर्ट नगर में सड़कों की खराब हालत को लेकर ट्रांसपोर्टरों का गुस्सा अब सड़क से थाने तक पहुंच गया है। पिछले 10 सालों से खराब सड़कों की वजह से हो रहे हादसों और नुकसान से परेशान ट्रांसपोर्टरों ने विरोध जताते हुए ट्रांसपोर्ट नगर के मेन गेट पर ‘नरक नगर’ का बोर्ड लगा दिया था। लेकिन रातोंरात किसी ने उस बोर्ड को ही चुरा लिया।

जब सोमवार की सुबह ट्रांसपोर्टरों को बोर्ड गायब मिला, तो वे भड़क गए। उन्होंने पहले ट्रांसपोर्ट नगर में प्रदर्शन किया और फिर एकजुट होकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे। वहां उन्होंने बोर्ड चोरी होने की लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने पहले शिकायत लेने से किया इनकार

जब कारोबारी बोर्ड चोरी होने की शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो शुरुआत में पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने उनसे पूछा कि उन्हें नामकरण का अधिकार किसने दिया। इसके बाद, कारोबारियों ने जब एसपी ऑफिस में जाकर प्रदर्शन करने की बात कही, तो पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज कर जाँच शुरू कर दी।

20 अगस्त से हड़ताल की चेतावनी

ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर यूनियन के अध्यक्ष सुनील माहेश्वरी ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़कों की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ, तो 20 अगस्त से ट्रांसपोर्टर हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस हड़ताल में लोहा बाजार, दाल बाजार और अन्य व्यापारिक संगठन भी शामिल होंगे। इसके अलावा, 25 अगस्त को चक्का जाम करने की भी योजना है। इस मुद्दे पर सोमवार शाम को ट्रांसपोर्ट नगर में एक बैठक भी बुलाई गई है।

 

Read more

Local News