नाबालिक छात्रा का रेप और ब्लैकमेलिंग: ग्वालियर पुलिस ने भिंड से मुख्य आरोपी को दबोचा
ग्वालियर पुलिस ने एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने और उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपी राहुल सेन को भिंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को फिलहाल पुलिस हिरासत में रखा गया है और उससे पूछताछ जारी है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
क्या है पूरी घटना?
गिरवाई थाना प्रभारी सुरेंद्रनाथ सिंह यादव ने बताया कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने अपने परिवार के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्ती आरोपी राहुल सेन से थी। 31 जुलाई को राहुल सेन ने पीड़िता को स्कूल जाते समय दोस्ती के बहाने एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। इस धमकी से डरकर छात्रा चुप रही।
बाद में राहुल सेन का एक साथी संदीप पीड़ित छात्रा के पास आया, उसने छात्रा को उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर छात्रा ने हिम्मत करके अपने परिजनों को सारी बात बताई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद गिरवाई थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी राहुल सेन की तलाश की और तकनीकी मदद से उसकी लोकेशन भिंड में मिली। पुलिस ने भिंड में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग में शामिल राहुल सेन का साथी संदीप अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

