पूर्व डकैत घीसा बंजारा फिर सलाखों के पीछे, दो पुलिसकर्मियों का हत्यारा 16 साल बाद कट्टे के साथ पकड़ा गया
डबरा/ग्वालियर: 16 साल की लंबी कैद काटने के बाद जेल से बाहर आए कुख्यात पूर्व डकैत घीसा बंजारा को ग्वालियर पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी करहिया थाना पुलिस ने उस समय की, जब वह एक अवैध कट्टे के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा था। पुलिस का मानना है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
पूरा मामला
पुलिस को सूचना मिली थी कि गोलार घाटी के पास बलखंडेश्वर मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जैसे ही उन्होंने उसे पकड़ने की कोशिश की, आरोपी भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे धर दबोचा।
पूछताछ में उसकी पहचान मुंशी का पुरा निवासी घीसा बंजारा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि घीसा बंजारा कोई साधारण अपराधी नहीं है, बल्कि वह बंजारा गैंग का मुखिया रहा है। उसके खिलाफ ग्वालियर जिले में पांच गंभीर मामले दर्ज हैं, जिसमें दो हेड कांस्टेबल की हत्या का मामला भी शामिल है। इसी अपराध के लिए उसने 16 साल की सजा काटी थी और हाल ही में जेल से बाहर आया था।
थाना प्रभारी देवेंद्र लोधी ने बताया कि पुलिस ने घीसा बंजारा के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है कि वह इस क्षेत्र में हथियार के साथ क्या कर रहा था। यह गिरफ्तारी पुलिस के अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।

