Tuesday, June 16, 2026

ग्वालियर कांवड़ हादसा: 4 मौतों के बाद खुलासे; ड्राइवर नशे में, बिना लाइसेंस के लिए था गाड़ी!

Share

ग्वालियर कांवड़ हादसा: 4 मौतों के बाद खुलासे; ड्राइवर नशे में, बिना लाइसेंस के लिए था गाड़ी!

 

ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर शिवपुरी लिंक रोड स्थित शीतला माता रोड तिराहे पर हुए भीषण हादसे में 13 कांवड़ियों को कुचलने और उनमें से चार की मौत व दो के घायल होने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस घटना में शामिल दो आरोपियों, नितिन बघेल और अलिकेश परिहार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त कार के मालिक राहुल बाथम और ट्रैवल्स संचालक कृष्णा परियानी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हादसे का दिन और कारण

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पांच दोस्त थे और डबरा में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने कृष्णा परियानी की रेंटल कार सर्विस से 1500 रुपए में एक कार किराए पर ली थी। कार को उनका साथी प्रदीप परिहार चला रहा था। आरोपियों के अनुसार, प्रदीप तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था और उन्होंने उसे धीमा करने के लिए टोका भी था, लेकिन उसने बात नहीं मानी। आशंका जताई जा रही है कि प्रदीप ने गाड़ी चलाने से पहले शराब पी रखी थी।

लाइसेंस और किराए पर गाड़ी देने में लापरवाही

सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह है कि दोस्तों की इस टोली में किसी के पास भी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। प्रदीप ने कृष्णा परियानी को किसी दोस्त के मोबाइल पर लाइसेंस का फोटो दिखाकर मंगलवार रात साढ़े 9 बजे कार किराए पर ले ली थी। ट्रैवल्स संचालक कृष्णा परियानी ने भी बिना वैध दस्तावेज़ों की जांच किए कार दे दी, जो उसकी सबसे बड़ी लापरवाही है।

हादसे के बाद

तेज रफ्तार कार जब शिवपुरी लिंक रोड पर शीतला माता रोड के मोड़ पर पहुंची, तो अचानक कांवड़ियों की टोली सामने आ गई। प्रदीप गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार ब्रेक लगने से पहले ही कांवड़ियों को कुचलती हुई पुलिया के नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार किसी को चोट नहीं आई, लेकिन कांवड़ियों को कुचलते देख सभी घबरा गए और कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अब इस घटना में शामिल तीन फरार आरोपियों (प्रदीप परिहार, सन्नी परिहार और धीरज बघेल) की तलाश में जुटी हुई  है। कार मालिक राहुल बाथम और ट्रैवल्स संचालक कृष्णा परियानी से भी लापरवाही बरतने के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

राहत और मुआवजे की घोषणा

हादसे में मारे गए चारों कांवड़ियों के शवों का पोस्टमार्टम के बाद सीढ़ना गांव, सिमरिया घाटीगांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर शोक जताते हुए, मृतक कांवड़ियों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Read more

Local News