Saturday, June 13, 2026

एएम गर्ल्स हॉस्टल संचालक की दादागिरी: छात्रा को दी गालियां और जान से मारने की धमकी

Share

एएम गर्ल्स हॉस्टल संचालक की दादागिरी: छात्रा को दी गालियां और जान से मारने की धमकी

 

ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित गोविंदपुरी इलाके के एएम गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा ने हॉस्टल संचालक गुरजीत सिंह भोला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि उसे खाने को लेकर गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई है।

क्या है, पूरा मामला?

पीड़ित छात्रा, जो उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली है और ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय से बीएससी ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसने हॉस्टल की मेस का बचा हुआ खाना अपने कमरे में ले गई थी। इसी बात से नाराज होकर हॉस्टल संचालक गुरजीत सिंह भोला ने उसे भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने खाना कमरे में लाने की वजह बताई, तब भी संचालक ने उसके साथ बदतमीजी की और मारपीट करने की कोशिश की।

छात्रा ने साहस दिखाते हुए विश्वविद्यालय थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसके पास घटना का एक ऑडियो क्लिप भी है, जिसमें संचालक की गालियां और धमकी साफ सुनी जा सकती है। छात्रा का आरोप है कि हॉस्टल संचालक कई छात्राओं के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार करता है, लेकिन अधिकांश छात्राएं डर के मारे चुप रहती हैं, और कुछ बोल नहीं पाती है।

संचालक ने भी, छात्रा पर लगाए गंभीर आरोप

हॉस्टल संचालक गुरजीत सिंह भोला ने भी छात्रा के खिलाफ पलटवार करते हुए शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि छात्रा सिगरेट पीती है, देर रात हॉस्टल लौटती है और नशा करती है।

पुलिस की जांच जारी

फिलहाल, विश्वविद्यालय थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की गहनता से जांच कर रही है। एसआई कीर्ति अजमेरिया ने मीडिया को बताया है कि पुलिस पूरी जानकारी जुटा रही है और जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस मामले में पुलिस के सामने ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच की जाएगी और दोनों पक्षों के आरोपों की पुष्टि की जाएगी जिसके बाद ही उचित कानूनी कारवाई की जाएगी।

Read more

Local News