जबलपुर में उफनती नदी में बहा गैस सिलेंडर से भरा ट्रक, चालक-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान
मध्य प्रदेश में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने एक बड़ा हादसा होते-होते टाल दिया। जबलपुर जिले के ग्राम सलैया के पास शुक्रवार को एक इंडेन गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक अचानक नदी की तेज धार में बह गया। इस ट्रक में सैकड़ों गैस सिलेंडर लदे थे, लेकिन गनीमत रही कि चालक और क्लीनर ने अपनी सूझ-बूझ से कूदकर जान बचा ली।
सुबह करीब साढ़े 10 बजे इंडेन गैस से भरा ट्रक जबलपुर से ग्रामीण इलाके में सिलेंडर सप्लाई के लिए गया हुआ था। रास्ते में ग्राम सलैया के पास एक छोटी पुलिया आती है, जो लगातार बारिश के कारण नदी में तब्दील हो चुकी थी। पुलिया के ऊपर से पानी का तेज बहाव था, लेकिन ड्राइवर ने पानी के बहाव को नजरअंदाज कर ट्रक को पार कराने की कोशिश की।
जैसे ही ट्रक पुलिया के बीच पहुंचा, नदी की धार इतनी तेज थी कि भारी ट्रक भी उसमें बहने लगा। अचानक अनियंत्रित ट्रक पानी में डूबने लगा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक और क्लीनर ने बिना वक्त गंवाए छलांग लगा दी। दोनों किसी तरह बहाव में तैरते हुए किनारे तक पहुंचे। कुछ ही देर में पूरा ट्रक सैकड़ों गैस सिलेंडरों समेत नदी में डूब गया।
इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि भारी ट्रक पानी में बहता जा रहा है और देखते ही देखते नदी में डूब जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायज़ा लिया और आसपास के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। प्रशासन ने साफ कहा है कि भारी बारिश के दौरान पुलिया, नाले या नदी के तेज बहाव को पार करने की कोशिश न करें।
मौसम विभाग ने भी चेतावनी दी है कि जबलपुर समेत मध्य प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट होने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की अपील की है।

