Saturday, June 13, 2026

सिंधिया की नई सौगात: अब बेटियों के सपनों को मिलेंगे पंख, हर नवजात के खाते में देंगे 500 रुपए

Share

सिंधिया की नई सौगात: अब बेटियों के सपनों को मिलेंगे पंख, हर नवजात के खाते में देंगे 500 रुपए

गुना-शिवपुरी से सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक नई और सराहनीय पहल की है। उन्होंने घोषणा की है कि 1 मई 2025 से लेकर 1 मई 2026 तक उनके संसदीय क्षेत्र में जन्म लेने वाली हर बेटी के सुकन्या समृद्धि खाते में वे अपनी निजी धनराशि से 500 रुपए का योगदान देंगे।
यह घोषणा गुना में आयोजित एक कार्यक्रम में की गई, जहां सिंधिया ने कई नवजात बालिकाओं के अभिभावकों को सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खोले गए खातों की पासबुक भी सौंपीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कदम सिर्फ एक औपचारिकता नहीं बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का प्रयास है।

सिंधिया ने बताया कि यह पहल सिर्फ गुना जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि अशोकनगर और शिवपुरी जिलों की बेटियों को भी इसका लाभ मिलेगा। आम तौर पर सुकन्या समृद्धि खाता खोलने के लिए कम से कम 250 रुपए की आवश्यकता होती है, लेकिन सिंधिया खुद अपनी तरफ से 500 रुपए देंगे, ताकि कोई भी परिवार आर्थिक वजहों से अपनी बेटी का खाता खुलवाने से वंचित न रह जाए।

इस अभियान के तहत अब तक गुना में 222, अशोकनगर में 274 और शिवपुरी में 390 यानी कुल 886 बालिकाओं के खाते खोले जा चुके हैं। जिनमें सिंधिया ने अपनी निजी धनराशि से करीब साढ़े चार लाख रुपए जमा करवाए हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी सुकन्या समृद्धि योजना की तारीफ करते हुए कहा कि इस योजना ने लाखों बेटियों को पढ़ाई और शादी के लिए आर्थिक सुरक्षा दी है। उन्होंने बताया कि पूरे देश में अब तक 3.60 करोड़ से ज्यादा खाते खुल चुके हैं, जिनमें करीब 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि जमा है।

स्वयं को बेटी का पिता बताते हुए सिंधिया ने कहा कि हर पिता की जिम्मेदारी है कि वह अपनी बेटी को सुरक्षित और बेफिक्र भविष्य दे। यह पहल खासकर उन गरीब परिवारों के लिए संजीवनी साबित होगी, जो पैसे की कमी के कारण योजना का लाभ नहीं उठा पाते। साथ ही, इससे ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को नई ऊर्जा मिलेगी और बेटियों के प्रति समाज की सोच और मजबूत होगी।

 

 

 

Read more

Local News