दतिया में लूटपाट: बाइक सवार बदमाशों ने दंपति पर बरसाईं गोलियां, गहने लूट कर फरार — घायल पति ग्वालियर रैफर
दतिया जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण बीती रात देखने को मिला। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दिनारा रोड पर ग्राम चौपरा के पास रात करीब साढ़े 11 बजे बाइक सवार बदमाशों ने दंपति को निशाना बनाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कुम्हेडी निवासी प्रदुम्म पुत्र गुलाब अहिरवार अपनी पत्नी खुशबू के साथ उद्गुवां से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही दोनों चौपरा गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और उन्होंने कट्टे से प्रदुम्म पर फायर कर दिया। अचानक हुए हमले से प्रदुम्म ने घबराकर बाइक रोक दी। इसी बीच बदमाशों ने कट्टे की नोक पर उसकी पत्नी के गहने उतरवा लिए। जब प्रदुम्म ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसके सीने में दूसरी गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
गोली लगते ही प्रदुम्म सड़क पर गिर पड़ा। इस दौरान पत्नी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रदुम्म को जिला अस्पताल दतिया में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।
वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।

