AirPods से गई सुनने की क्षमता! इन्फ्लुएंसर आरुषि ओसवाल ने फॉलोअर्स को दी चेतावनी “फैशन नहीं, पहले सेहत”
टेक्नोलॉजी ने हमारी जिंदगी को जितना आसान बनाया है, उतना ही खतरनाक भी बनता जा रहा है, अगर उसका इस्तेमाल लापरवाही से किया जाए तो। हाल ही में जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट आरुषि ओसवाल ने अपने लाखों फॉलोअर्स को एक चौंकाने वाला अनुभव साझा किया, जिसने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
आरुषि ने बताया कि वह लगातार कई घंटों तक AirPods पहनकर म्यूजिक सुनती थीं और कॉल्स पर रहती थीं। धीरे-धीरे उन्होंने महसूस किया कि उनके बाएं कान में आवाज़ें साफ नहीं आ रहीं। जब उन्होंने डॉक्टर से संपर्क किया, तो चौंकाने वाली बात सामने आई। उनके बाएं कान की 45% सुनने की क्षमता घट चुकी थी। डॉक्टरों के अनुसार, यह समस्या अधिक समय तक AirPods पहनने और तेज वॉल्यूम में म्यूजिक सुनने से हुई है। डॉक्टर्स ने उन्हें अब हाई डोज़ की दवाएं और कान में “स्टेरॉइड इंजेक्शन” लेने की सलाह दी गई है। अगले एक सप्ताह में उनकी सुनने की क्षमता धीरे-धीरे वापस आ सकती है। हालांकि डॉक्टरों ने यह भी कहा है कि यह पूरी तरह रिकवर होगा या नहीं, इसका कोई भरोसा नहीं किया जा सकता है।
आरुषि ने अपने फॉलोअर्स को सख्त संदेश देते हुए कहा कि, “फैशन, स्टाइल या सुविधा के नाम पर अपनी सेहत से समझौता न करें। कुछ देर की सुविधा, ज़िंदगी भर की परेशानी बन सकती है।”
उनकी इस पोस्ट पर हजारों लोगों ने प्रतिक्रिया दी। जिसमें कई यूज़र्स ने बताया कि उन्हें भी लंबे समय तक इयरफोन्स पहनने से सिरदर्द या कान में दर्द की शिकायत होती है। यह घटना उन सभी के लिए चेतावनी है, जो दिनभर AirPods या हेडफोन्स लगाए रहते हैं। याद रखें कि टेक्नोलॉजी सुविधा है, लेकिन सेहत सबसे बड़ी पूंजी है।
विशेषज्ञों की सलाह:
1. लगातार 1 घंटे से ज्यादा इयरफोन न पहनें।
2. मीडियम वॉल्यूम में ही म्यूजिक सुनें।
3. इयरपॉड्स को साफ रखें और समय-समय पर कानों की जांच कराएं।

