भोला सिकरवार हत्याकांड का मुख्य आरोपी बंटी भदौरिया मुठभेड़ में गिरफ्तार
भोला सिकरवार की हत्या के मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी बंटी भदौरिया को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ सोमवार देर रात ग्वालियर के उटीला इलाके में हुई। बंटी ने पुलिस को देखते ही पिस्टल से फायरिंग करना शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
बंटी भदौरिया एक कुख्यात बदमाश है और उसके खिलाफ 25 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार पुलिस से भिड़ चुका है। वह इतना खतरनाक है कि पुलिस को देखते ही गोली चलाने लगता है। भोला सिकरवार की हत्या भी उसने गैंगवार के चलते की थी और इसके बाद से फरार चल रहा था।
इस हत्याकांड में कुल 9 लोगों को आरोपी बनाया गया था। इनमें से तीन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और अब मुख्य आरोपी बंटी की गिरफ्तारी से केस में बड़ी सफलता मिली है। बंटी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की पूरी साजिश और बाकी आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस के मुताबिक, बंटी से पूछताछ के बाद इस केस से जुड़े कई राज खुल सकते हैं। उसकी गिरफ्तारी से इलाके के लोग भी राहत की सांस ले पा रहे है।

