सपने में मिला आदेश, बना दिया वैष्णो देवी मंदिर
जो लोग जम्मू-कटरा की वैष्णो देवी नहीं जा पाते हैं, वह लोग ग्वालियर झांसी रोड स्थित साखिया विलास के पास पहाड़ी पर माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन करने जाते हैं। यह मंदिर पहाड़ी पर बनाया गया है। यहां गुफा से होकर माता के दर्शन होते हैं। जिससे भक्तों को वैसा ही अनुभव मिलता है, जैसा जम्मू में मिलता है।
इस मंदिर की स्थापना पुजारी लक्ष्मण प्रसाद शर्मा ने लगभग 52 साल पहले करवाई थी। बताया जाता है कि जब यह स्थान केवल जंगल था, तब पुजारी को सपने में माता के दर्शन हुए और माता ने उन्हें यहां मंदिर बनाने का आदेश दिया। इसके बाद उन्होंने वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर गुफा और मंदिर का निर्माण करवाया। इस गुफा में पानी भी बहता है, जो भक्तों को बिल्कुल कटरा की गुफा जैसा ही अनुभव करवाता है। नवरात्रि के मौके पर मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाता है। मंदिर में दुर्गा पाठ, भजन-कीर्तन और कन्या पूजन का आयोजन होता है। भक्त “चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है” जैसे नारे लगाते हुए गुफा से होते दर्शन के लिए लाइन में खड़े रहते हैं। मंदिर में साल में चार बार भंडारे आयोजित होते हैं। शारदीय व चैत्र नवरात्रों में, 17 जुलाई को और शिवरात्रि के मौके पर। इसके अलावा, जिनकी मनोकामना पूरी होती है वह भी अपनी आस्था के अनुसार मंदिर में भंडारा करवाते हैं। आज यह मंदिर आस्था का धार्मिक स्थल बन चुका है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में माता के भक्त दर्शन के लिए आते हैं। यह मंदिर उन लोगों के लिए आस्था का केन्द्र है, जो कटरा न जाकर भी वैष्णो देवी जैसा आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करना चाहते हैं।

