“हर कॉल पर बच्चन की आवाज़… सिंधिया बोले – मैं भी हो गया हूं परेशान!”
इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक आम समस्या को लेकर दिलचस्प बयान दिया। उन्होंने कहा कि हर कॉल पर बजने वाली साइबर फ्रॉड से सावधान रहने वाली अमिताभ बच्चन की आवाज़ उन्हें भी बहुत परेशान करती है। दरअसल, यह बयान उस समय आया जब पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने मंत्री को ज्ञापन सौंपा और कहा कि “हर कॉल पर पहले बच्चन की आवाज़ आती है, जिससे आपात स्थितियों में परेशानी होती है।”
सिंधिया ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं खुद भी इससे परेशान हूं।” यह बयान सुनकर वहां मौजूद लोगों ने ठहाके लगाना शुरू कर दिए।
बता दे कि सरकार ने साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिया है कि कॉल शुरू होने से पहले एक रिकॉर्डेड मैसेज चलाया जाए। इस मैसेज में अमिताभ बच्चन लोगों को ठगी से सावधान रहने की सलाह देते हैं। हालांकि, यह अलर्ट मैसेज करीब 30-40 सेकंड लंबा होता है, जिससे कॉल तुरंत नहीं लग पाती हैं। लोगों का कहना है कि इस कॉलर ट्यून से इमरजेंसी कॉल करने में भी देरी हो जाती है। सोशल मीडिया पर भी इस ट्यून को बंद करने की मांग उठ चुकी है। हालांकि, अगर कॉल के दौरान कीपैड पर ‘1’ दबा दिया जाए, तो यह ट्यून स्किप की जा सकती है। लेकिन स्थायी रूप से इसे हटाना फिलहाल मुमकिन नहीं है, क्योंकि यह सरकारी अभियान का हिस्सा है। सिंधिया का यह बयान जनता के बीच पहले से चल रही इस समस्या पर एक सरकारी सहमति जैसा प्रतीत होता है।

