ग्वालियर में थार गाड़ी ने मारी बाइक को टक्कर, मां-बेटी की मौत, बेटा गंभीर, पूर्व पार्षद की बताई जा रही गाड़ी
ग्वालियर में बीती रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा ग्वालियर के मोतीझील क्षेत्र में बदनापुरा मोड़ के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग हवा में उछलते हुए सड़क पर जा गिरे और लहूलुहान हो गए।
जानकारी के मुताबिक, निम्बाजी की खोह निवासी सोनू उर्फ संजय कुशवाह अपनी मां गौरा कुशवाह और बहन गौरी के साथ बाइक से सौजना तिघरा गांव स्थित अपने मामा के घर जा रहा था। जैसे ही वे मोतीझील के पास बदनापुरा मोड़ पर पहुंचे, वैसे ही तेज रफ्तार से आ रही एक थार गाड़ी ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तुरंत जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। घायल बेटा सोनू की हालत अभी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसा करने वाली थार गाड़ी पूर्व पार्षद चंदन राय की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। इस हादसे को लेकर मृतकों के परिजनों ने गहरी आशंका जताई है। उनका कहना है कि पड़ोसी से पुराना विवाद चल रहा था और उन्हें शक है कि यह हादसा महज दुर्घटना नहीं, बल्कि एक साजिश भी हो सकती है। पुलिस परिजनों की शिकायत और तकनीकी सबूतों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

